उदयपुर। राजस्थान प्रदेश में युवा कांग्रेस चुनाव-2026 की प्रक्रिया के तहत कुल 3264,980 सदस्यों ने सदस्यता के लिए आवेदन किया था। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें से 1384739 आवेदन विभिन्न कमियों के चलते अस्वीकृत कर दिए गए हैं, जबकि 1366458 आवेदनों को स्वीकार किया गया है। वहीं, दस्तावेजों में खामियों के चलते 513783 आवेदन होल्ड पर रखे गए हैं। राजस्थान युवा कांग्रेस चुनाव-2026 के लिए भारतीय युवा कांग्रेस के चुनाव प्राधिकरण द्वारा नियुक्त इलेक्शन कमिश्नर सज्जाद तारिक ने शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया फरवरी 2026 में शुरू हुई थी और नामांकन की प्रक्रिया मार्च 2026 तक चली। इसके बाद सदस्यता अभियान एवं मतदान की प्रक्रिया 21 अप्रैल से 20 मई 2026 तक संचालित की गई। सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद आवेदनों की जांच की गई। इलेक्शन कमिश्नर सज्जाद तारिक ने बताया कि जिन 5,13,783 सदस्यों के आवेदन दस्तावेजों में खामियों के कारण होल्ड पर रखे गए हैं, उन्हें अपना आवेदन बहाल करवाने का अवसर दिया गया है। ऐसे सदस्य 13 सितम्बर से 19 सितम्बर 2026 के बीच युवा कांग्रेस की डिजिटल एप के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज दोबारा जमा करवा सकते हैं। रोहित पालीवाल ने बताया कि दस्तावेजों की जांच में सही पाए जाने पर संबंधित आवेदनों को स्वीकृत कर सदस्यता की मान्यता प्रदान की जाएगी। रोहित पालीवाल ने बताया कि राजस्थान युवा कांग्रेस चुनाव-2026 से संबंधित अधिक जानकारी के लिए प्रदेश के लिए नियुक्त प्रदेश रिटर्निंग अधिकारी मुकुल गुप्ता से मोबाइल नंबर 9218905555 तथा ठाकुर बिष्ट से मोबाइल नंबर 9805600061 पर संपर्क किया जा सकता है।
राजस्थान युवा कांग्रेस चुनाव: 13.66 लाख सदस्य आवेदन स्वीकृत, 5.13 लाख आवेदन होल्ड पर
