राजस्थान राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष का उदयपुर दौरा
15 सूत्रीय कार्यक्रम व विभागीय योजनाओं की ली समीक्षा बैठक
उदयपुर, 6 जून। राजस्थान राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रफीक खान मंगलवार को उदयपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला परिषद सभागार में प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम, योजना व अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण से संबंधित हर योजनाओं के प्रचार प्रसार के साथ प्रभावी क्रियान्वयन निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि हर विभाग में अल्पसंख्यक वर्ग के लिए कोई न कोई योजना व कार्यक्रम संचालित है ऐसे में सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने 15 सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति पर समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज राजस्थान प्रदेश में मॉडल राज्य बना है और हमारी योजनाओं को राष्ट्र स्तर पर सराहा जा रहा है और कई राज्य इन योजनाओं का अनुकरण कर रहे है, यह गर्व की बात है।
उन्होंने अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के साथ विभिन्न सुविधाएं मुहैया करवाने, ऋण सुविधा, कोचिंग सुविधा, छात्रवृत्ति कार्यक्रम, स्कूटी योजना, प्रोत्साहन राशि, सामाजिक सुरक्षा के साथ अन्य योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।
बिना तैयारी के साथ आए अधिकारियों के प्रति जताई नाराजगी
अध्यक्ष खान ने विभागवार समीक्षा के दौरान बिना तैयारी एवं अपूर्ण सूचना के साथ आये विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की और कहा कि भविष्य में किसी भी बैठक में अपडेट सूचना एवं पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहे। इसके साथ ही उन्होंने अल्पसंख्यक विभाग के अधिकारियों को संबंधित विभागों नियमित बैठक आयोजित करते हुए अपडेट सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अल्पसंख्यक विभाग के साथ शिक्षा, उच्च शिक्षा, रसद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर निगम, कृषि, पशुपालन, आईटीआई, उद्योग, बैंक, विद्युत आदि विभागों के अधिकारियों से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने जिले की प्रगति के संबंध में अवगत कराया और सभी अधिकारियों को पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहने एवं गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सलोनी खेमका, नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत, जिला रसद अधिकारी नरेश बुनकर, समाजसेवी विवेक कटारा, नजमा मेवाफरोश, फिरोज अहमद शेख, विनोद जैन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मो. जलालुद्दीन अहमद ने किया व आभार कार्यक्रम अधिकारी तृप्ति त्रिवेदी ने जताया।
विभागीय समन्वय से हर योजना का हो प्रभावी क्रियान्वयन-रफीक खान
