विश्व मलेरिया दिवस 25 अप्रैल को, जिलेभर में चलेगा जागरूकता अभियान

प्रतापगढ़ दिनांक 23 अप्रैल। विश्व मलेरिया दिवस (25 अप्रैल) के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 25 से 30 अप्रैल तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विनोद खांट ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन को मलेरिया रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करना है, ताकि समय पर पहचान और उपचार से इस रोग पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
अभियान के अंतर्गत जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्कूलों, कॉलेजों एवं सामुदायिक स्थलों पर पोस्टर प्रदर्शनी, नारा लेखन, रैली, जनसंवाद एवं आईईसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों तक मलेरिया से बचाव के संदेश पहुंचाए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाएं।
“मच्छरों से बचाव ही मलेरिया से बचाव है” – इसी संदेश के साथ सभी नागरिकों से इस अभियान में सहयोग की अपील की गई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!