महाराणा प्रताप के प्रति श्रद्धा को संकल्प में बदलें : निम्बाराम

प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह को लेकर हुई बैठक
 विश्व पटल पर स्थापित करनी है महाराणा प्रताप की गौरव गाथा : निम्बाराम
उदयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने आह्वान किया है कि महाराणा प्रताप के प्रति जनमानस में जो श्रद्धा, आस्था और सम्मान का भाव है उसे संकल्प में बदलना होगा, तभी हम विशेष विचाराधारा के इतिहासकारों द्वारा मढ़ दिए गए महाराणा प्रताप और मेवाड़ के इतिहास के त्रुटिपूर्ण तथ्यों में तथ्यपरक सुधार कर अदम्य शौर्यपूर्ण इतिहास को विश्व पटल पर गौरवान्वित कर पाएंगे। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र और सर्व समाज के सहयोग से महाराणा प्रताप जयंती ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया 17 जून को उदयपुर में होने वाले हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह की वृहद तैयारियों के तहत आयोजित इस बैठक में निम्बाराम ने कहा कि यह कोई सामान्य रैली या आमसभा नहीं है, यहां समाजजन महाराणा प्रताप के प्रति अगाध श्रद्धा के विचार के साथ आएंगे और आग्रह रहेगा कि प्रताप के प्रति समर्पण के दृढ़ संकल्प के साथ लौटें।
उन्होंने कहा कि जब-जब समाज ने हमारे महापुरुषों को विस्मृत किया है, समाज का पतन हुआ है। यही कारण रहा कि निजी हितों के लिए महाराणा प्रताप जैसे विराट व्यक्तित्व को इतिहास में छोटा कर दिया गया। आज यह हमारी जिम्मेदारी है कि इस त्रुटि को सुधारें और राष्ट्र-धर्म-संस्कृति की रक्षार्थ सर्वस्व न्योछावर कर देने वाले महापुरुषों की वीर-गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। उन्होंने प्रताप गौरव केन्द्र को इसी संकल्प का एक प्रयास बताते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे सम्पूर्ण मेवाड़ सहित राष्ट्र गौरव गाथा के दर्शन की परिकल्पना ही इस केन्द्र का आधार है।
बैठक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. बी.पी. शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चित्तौड़ प्रांत के कार्यवाह शंकर माली मंचासीन रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र के प्रचारक प्रमुख श्रीवर्धन, क्षेत्रीय सेवा प्रमुख शिवलहरी, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह राठौड़, क्षेत्रीय गोसेवा प्रमुख राजेन्द्र पामेचा, प्रांत प्रचारक मुरलीधर, सह प्रांत प्रचारक डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, पूर्व कुलपति एवं राज्यपाल के सलाहकार डॉ. कैलाश सोडाणी, राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत सहित विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, मातृशक्ति समिति के दायित्ववान कार्यकर्ता, वनवासी कल्याण परिषद के दायित्ववान कार्यकर्ता आदि मौजूद थे। बैठक का संचालन वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के कोषाध्यक्ष सीए डॉ. महावीर चपलोत ने किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!