स्थानीय महिला उद्यमियों, व्यापारियों स्टार्टअप करने वाली महिलाओं को मिलेगा सशक्त मंच
– आगामी 10, 11 एवं 12 जुलाई को आयोजित होगा कैट उड़ान एग्जीबिशन 2.0
– वोकल फॉर लोकल- भारतीय सामान हमारा स्वाभिमान को मिलेगा बढ़ावा
उदयपुर,4 मई। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) विमेन विंग उदयपुर की ओर से आगामी 10, 11 एवं 12 जुलाई को आयोजित होने वाली ” कैट उड़ान एग्जीबिशन 2.0″ के पोस्टर का भव्य विमोचन समारोह ऑर्बिट रिसोर्ट में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर की गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में लगभग 250 से अधिक महिला सदस्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं।
कैट विमेन विंग उदयपुर की अध्यक्ष, कैट नेशनल सह सचिव, कैट नेशनल वुमेन विंग मेंबरशिप एवं नेटवर्किंग कमेटी कन्वीनर विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देना तथा स्थानीय हस्तशिल्प, घरेलू उद्योगों और महिला उद्यमियों को एक सशक्त प्लेटफार्म प्रदान करना है। यह एग्जीबिशन “सेलिब्रेशन गार्डन एंड बैंक्विट” में आयोजित होगी, जहां 100 से अधिक स्टॉल्स पर उदयपुर सहित देशभर के विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि इस एग्जीबिशन में घर से व्यवसाय करने वाली महिलाएं, स्टार्टअप उद्यमी, हस्तशिल्प कलाकार एवं व्यापारी अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगे, जिससे उन्हें नए अवसर मिलेंगे और उनके व्यवसाय को नई पहचान मिलेगी। साथ ही कश्मीर, लखनऊ, कोटा, जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों की पारम्परिक कलाकृतियां और विशेष उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कैट के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही, जिनमें यू सी सी आई अध्यक्ष, कैट नेशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर मनीष गलूंडिया, कैट उदयपुर चैप्टर अध्यक्ष दिनेश चोरडिय़ा, सचिव महेंद्र तलेसरा, समाजसेवी पुष्पा कोठारी, आर एन टी मेडिकल कॉलेज नेफ्रोलॉजी विभाग की हेड डॉ. संगीता बोर्डिया, कैट उदयपुर डिविजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. सोनू जैन, एडवाइजर डॉ सीमा सिंह भाटी, कैट डिजिटल डायरेक्टर साक्षी भट्ट, कोषाध्यक्ष चयनिका गलूंडिया, उड़ान एग्जीबिशन चेयरपर्सन संगीता मुंदरा, नेहा महेश्वरी, नैना जैन, विभा जैन, नवनीत कौर छाबड़ा एवं रुखसाना साबुनवाला, रितु भटनागर ने पोस्टर का विमोचन किया।
कैट की सचिव डॉ. सोनू जैन ने बताया कि इस तीन दिवसीय एग्जीबिशन में केवल शॉपिंग ही नहीं, बल्कि संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां, मेडिकल कैंप, महिलाओं एवं बच्चों के लिए मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह आयोजन पूरे परिवार के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है, जो अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स देश की एक प्रमुख व्यापारिक संस्था है, जिसमें लगभग 9 करोड़ व्यापारी एवं 40,000 से अधिक व्यापारिक संगठन जुड़े हुए हैं। “उड़ान एग्जीबिशन 2.0” स्थानीय उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और “वोकल फॉर लोकल” को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
कैट उड़ान एग्जीबिशन 2.0 के पोस्टर का भव्य विमोचन
