उदयपुर। राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स-2022 के तहत शिक्षा विभाग में कार्यरत पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायक के नियमितीकरण को लेकर राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ, उदयपुर ने सरकार से एसओपी प्रक्रिया जारी करने की पुरजोर मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह बुटड़ेचा ने बताया कि शिक्षा विभाग में कार्यरत पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायक क्रमशः विद्यार्थी मित्र के रूप में 2008 से 2014 तक तथा ग्राम पंचायत सहायक के रूप में 2017 से 2022 तक का कार्य अनुभव रखते हैं। संविदा सेवा नियम-2022 के तहत नियोजित कार्मिकों के पदों को नियमित पदों में परिवर्तित करने पर नियम-20 के तहत सेवा व अनुभव की पात्रता में ये कार्मिक आवश्यक मापदंड पूर्ण कर रहे हैं। बुटड़ेचा ने कहा कि बजट से पूर्व आमजन से मांगे गए सुझावों में भी संविदाकर्मियों के नियमितीकरण की मांग प्रमुखता से उभरी है। वहीं विधानसभा चुनाव-2023 के बीजेपी के चुनावी संकल्प-पत्र में संविदा शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वादा किया गया था। संगठन ने वर्तमान बजट घोषणा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दी गई 2 वर्ष की छूट को लागू करते हुए प्रदेशभर के 23,575 पंचायत शिक्षकों एवं विद्यालय सहायकों के नियमितीकरण हेतु SOP प्रक्रिया जारी करने की पुरजोर मांग की है। यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो संघ प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार की होगी।
23,575 संविदा शिक्षकों के नियमितीकरण के लिए जारी करें एसओपी
