जिला कलेक्टर ने ली पेट्रोलियम गैस कंपनियों की बैठक, पीएनजी कार्यों की प्रगति की समीक्षा, सड़कों की खुदाई से संबंधित दिए आवश्यक निर्देश

उदयपुर, 25 मार्च। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बुधवार को पेट्रोलियम गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शहर में चल रहे पाइपलाइन गैस (पीएनजी) कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने से जुड़े कार्यों, निगम से मिलने वाली एनओसी तथा कार्यों में आ रही विभिन्न बाधाओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर पाइप्ड गैस लाइन (पीएनजी) से जोड़ा जाए, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल सके और पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम हो।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने शहर में पाइपलाइन बिछाने के कार्यों के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के संबंध में भी समीक्षा की और संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे शीघ्रता से सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने हाल ही में निर्मित सड़कों को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर नमित मेहता ने स्पष्ट किया कि बिना आपसी समन्वय के किसी भी संस्था या एजेंसी द्वारा सड़कों की खुदाई नहीं की जाए। सभी विभागों और एजेंसियों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि गैस कनेक्शन प्राप्त घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन देने में प्राथमिकता दी जाए और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। बैठक में यूडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, डीएसओ प्रथम सृष्टि डबास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!