– विजेता दीपिका को स्कूटी व 21 हजार नकद पुरस्कार से किया सम्मानित
– सुमित मोंडल द्वितीय, विशाल राव एवं अंकुर शर्मा तृतीय स्थान पर रहे
– ‘मेवाड़ सिंगिंग स्टार’ गायन प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले संगीत, सुर और उत्साह के माहौल में सम्पन्न
उदयपुर, 29 सितम्बर। मेवाड़ जन शक्ति दल की ओर से आयोजित ‘मेवाड़ सिंगिंग स्टार’ गायन प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले गीतांजलि यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में संगीत, सुर और उत्साह से सराबोर माहौल में संपन्न हुआ।
मेवाड़ जन शक्ति दल के संस्थापक नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित टॉप-10 प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंतिम चरण में प्रतिभागियों को दो राउंड में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। पहले राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी पसंद का गीत प्रस्तुत किया, जबकि दूसरे राउंड में निर्णायकों की पसंद के गीतों पर प्रस्तुति देकर अपनी गायन क्षमता का परिचय दिया। दोनों राउंड में शानदार प्रदर्शन के बाद कोटा जिले के छोटे से गांव दीगाड़ की दीपिका मसरानी ने अपनी प्रभावशाली और सुरमयी गायकी से प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘मेवाड़ सिंगिंग स्टार’ का खिताब अपने नाम किया। सुमित मोंडल द्वितीय तथा विशाल राव एवं अंकुर शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
– पियूष पंवार की प्रस्तुति ने बांधा समां
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में इंडियन आइडल फेम पियूष पंवार, प्रसिद्ध संगीत विशेषज्ञ डॉ. सदाशिव गौतम एवं डॉ. शबनम चतुर्वेदी शामिल रहे। पियूष पंवार की कार्यक्रम स्थल पर धमाकेदार एंट्री ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति ‘दर्द-ए-दिल’ से संगीतप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।
– विजेता को नकद पुरस्कार के साथ स्कूटी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उमेश ओझा (आरपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), उदयपुर तथा ओम प्रकाश अग्रवाल, संस्थापक, अरावली एंड विजन ग्रुप ऑफ कॉलेजेज रहे। कार्यक्रम में गीतांजलि यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. अरविंद यादव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मेवाड़ जन शक्ति दल के संगठनात्मक विस्तार एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी कर्तव्य शुक्ला ने दी। वहीं मंगेश्वर वैष्णव एवं उनकी टीम ने शानदार संगीत संगत के साथ प्रस्तुतियों में चार चांद लगा दिए। दर्शकों ने पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और हर प्रस्तुति पर जमकर तालियां बजाईं। समापन अवसर पर आरके प्रॉपर्टीज के कृष्ण कौशिक ने विजेता दीपिका मसरानी को 21 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। वहीं बैगिज के दीपक चोटरानी की ओर से उन्हें विशेष उपहार दिया गया। संगठन की ओर से धीरेन्द्र सचान ने प्रथम विजेता को स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया।
– सहयोगी संस्थाओं ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
‘मेवाड़ सिंगिंग स्टार’ के आयोजन में गीतांजलि यूनिवर्सिटी एजुकेशन पार्टनर, आरके प्रॉपर्टीज सह-संयोजक, मैग्नस विशेष सहयोगी, अक्षयवट नर्सरी ग्रीन इनिशिएटिव पार्टनर तथा झलकप्रिया स्टूडियोज स्टूडियो पार्टनर के रूप में जुड़े रहे। सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘मेवाड़ सिंगिंग स्टार’ ने उदयपुर एवं मेवाड़ अंचल की उभरती संगीत प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा गायकों को अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ ही अनुभवी संगीत विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने और आगे बढऩे का अवसर मिला।
अपने सुरों के दम पर छोटे से गांव की दीपिका मसरानी बनीं ‘मेवाड़ सिंगिंग स्टार’
