राजस्थान दिवस सप्ताह : डिजिटल क्विज, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताएं

विद्यार्थियों ने लिया उत्साह से भाग
उदयपुर, 15 मार्च। राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत शिक्षा विभाग के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में डिजिटल क्विज, निबंध लेखन तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में राजस्थान के इतिहास, संस्कृति और विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।
मुख्य जिला शिक्षाधिकारी प्रतिभा गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। डिजिटल क्विज के माध्यम से छात्रों ने राजस्थान के गौरवशाली इतिहास, लोकसंस्कृति और समकालीन विकास से जुड़े प्रश्नों का उत्तर दिया, वहीं निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने राजस्थान की समृद्ध विरासत, परंपराओं और विकसित राजस्थान के सपने को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया।

राजस्थान दिवस सप्ताह : राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस सोमवार को
उदयपुर, 15 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में मनाए जा रहे राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत सोमवार 16 मार्च को राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद, विकास कार्यों के शिलान्यास और जनजाति कला प्रदर्शनी का आयोजन होगा। बेणेश्वर धाम पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रम का प्रसारण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सोमवार को डबोक आकर बेणेश्वर जाएंगे
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा सोमवार को महाराणा प्रताप एयरपोर्ट डबोक आकर बेणेश्वर धाम जाएंगे। जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार सुबह 11.25 पर विशेष विमान से डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बेणेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। बेणेश्वर धाम पर प्रस्तावित कार्यक्रम में भाग लेकर पुनः हेलीकॉप्टर से डबोक एयरपोर्ट आएंगे तथा यहां से विशेष विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री की ट्रांजिट यात्रा के मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलाविद गोर्वधन लाल जोशी (बाबा) की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
उदयपुर, 15 मार्च। देश के प्रख्यात चित्रकार स्व. गोवर्धन लाल जोशी (बाबा) की 111 जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम उनके द्वारा स्थापित बाबा आर्ट गेलेरी, पंचवटी पर आयोजित/प्रस्तावित किये गये। बाबा आर्ट गेलरी की निदेशिका ममता जोशी ने बताया की इस अवसर पर नगर के जाने माने चित्रकारों की गोश्ठी का आयोजन किया गया साथ ही 16 मार्च से दो दिवसीय निशुल्क कला शिविर बाबा आर्ट गेलेरी पर आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर बाबा के परिवार जनों ने भजन कीर्तन व सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाबा की जयन्ति के अवसर पर ब्लॉक वैटरनरी हेल्थ ऑफीसर बड़गांव पर एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया जिसमें पशुओं को आन्तरिक क्रमिनाशक दवाई पिलाई गई एवं पशुपालकों को आगामी दिनों में आयोजित टीकाकरण अभियान के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर चित्रकार सीपी चौधरी, नसीम अहमद, ललित शर्मा एवं प्रभुत्व नागरिक एवं परिवारजन अंशुमाली जोशी, अजय जोशी, ललित जोशी, लक्ष्मी देवी, मंजुदेवी सहित केजार अली, दिलीप गलुंडया, अशोक बोहरा, राजकुमार, राजेन्द्र ताबीयाड, हंसराज गौरा आदि उपस्थित रहे।

राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में एक जिला एक उत्पाद ‘‘मार्बल एवं ग्रेनाइट’’ की प्रदर्शनी का शुभारम्भ
उदयपुर, 15 मार्च। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक जिले हेतु ‘‘एक जिला एक उत्पाद’’ का चयन किया गया है। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिले में 15 मार्च को ओडीओपी मेले/प्रदर्शनी का आयोजन जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में नगर निगम, टाउन हॉल, उदयपुर में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि उदयपुर शहर को मार्बल सिटी के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि यहां मार्बल और ग्रेनाइट की माइन्स एवं प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थित है। उद्घाटन के अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्यिक केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने अवगत कराया कि उदयपुर शहर में श्रेष्ठ मार्बल प्रोसेसिंग एवं पोलिशिंग के साथ वेल्यु एडिशन किया जाता है। उदयपुर के ऋषभदेव एवं सुखेर क्षेत्र में मार्बल कटिंग एवं प्रोसेसिंग इकाइयो का क्लस्टर स्थापित है। इकाइयों द्वारा ग्रीन, पिंक, ऑनेक्स एवं सफेद मार्बल के वेल्यु एडिड उत्पाद के रूप में देश-विदेश में निर्यात भी किया जा रहा है।
इस प्रदर्शनी में उदयपुर की मार्बल इकाइयों द्वारा उनके उत्पाद का प्रदर्शन किया गया। उक्त प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय मार्बल एवं ग्रेनाइट उत्पादक इकाइयों को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी में पुष्पा एक्सपोर्ट, उन्नति आर्टस, टाइलो प्रा0लि0, मेरिडियन मार्बल, एस्प्रिट स्टोन, श्री बनारसी मार्बल स्टोन प्रा.लि., तिरूपति इम्पेक्स, अलंकान मिरल्स, तुलसी टैक्नो क्राफ्ट प्रा.लि. इत्यादि इकाइयों द्वारा अपने उत्पाद का प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनी में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा, सहायक आयुक्त, देवयानी डोडिया, जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी चोखाराम, प्रिंस परमार, राजीविकास के जिला परियोजना प्रबंधक ख्याली लाल खटीक इत्यादि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!