धोखाधड़ी कर हड़पे 10 लाख, महिला सहित दो के खिलाफ मामला दर्ज

उदयपुर, 16 दिसम्बर: शहर के हिरणमगरी क्षेत्र में एक महिला को बहला फुसला कर उसके बैंक खातों व अन्य बचत योजनाओं के दस्तावेजों से करीब दस लाख रुपए हड़पने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।

पुलिस के अनुसार हिरणमगरी सेक्टर-4 स्थित आदर्श हाउसिंग सोसायटी विद्या नगर निवासी तलाकशुदा आराधना पुत्री मदनलाल बोकड़िया ने रेखा कुंवर एवं रमेश गहलोत मेघवाल के खिलाफ हिरणमगरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आराधना ने बताया कि तारा संस्थान में नौकरी करने के दौरान वहां मित्र बनी रेखा कुंवर ने जरुरत बताते हुए उससे अनेको बार 1000-2000 रुपए उधार लिए। उस दौरान मिले रमेश गहलोत मेघवाल ने उसे रेखा को अपनी बेटी के समान बताते हुए दुकान खोलने में रुपए उधार देकर मदद करने को कहा। इस पर उसके पास रुपए नहीं होने पर रमेश ने सोने चांदी के जेवरात गिरवी रखवा कर दो लाख रुपए उधार प्राप्त कर लिए। बाद में रेखा व रमेश ने उसे आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर उसके बैंक खातों से करीब पांच लाख रुपए हड़प लिए। आराधना ने बताया कि रेखा व रमेश गहलोत ने उसके नाम से आईडीएफसी बैंक में एक लोन लिया जिसकी किस्ते रेखा कुंवर नहीं चुका रही। उसने उन पर विश्वास कर अपने डाकघर की एनएसी पॉलिसियों को बैंक ऑफ बड़ौदा सेक्टर-4 शाखा में गिरवी रख करीब दो लाख रुपए रेखा के भाई भैरोसिंह के खाते में डलवाए। रमेश ने उसके पीएफ के करीब 46 हजार रुपए भी निकाल लिए। रमेश व रेखा ने उसे बहला फुसला कर अन्य लोगों के खाते में ई मित्र के मार्फत करीब डेढ़ लाख रुपए उससे डलवाए। इस तरह उससे करीब दस लाख रुपए हड़प लिए। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार द्वारा की जा रही है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!