रोमांचक मुकाबले में हल्दीघाटी योद्धाज ने एक रन से दर्ज की जीत, पंकज कुमार, बंटी और शिवेंद्र सिंह बने मैन ऑफ द मैच
उदयपुर। उदयपुर प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन-3 में क्रिकेट का रोमांच लगातार बढ़ रहा है। टूर्नामेंट के तहत खेले गए मुकाबलों में चेतक स्पार्टन्स, हल्दीघाटी योद्धाज और प्रताप वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। तीनों मैचों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। पंकज कुमार, बंटी और शिवेंद्र सिंह को उनके शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले मुकाबले में चेतक स्पार्टन्स ने पिछोला पैंथर्स को आठ विकेट से हराकर एकतरफा जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पिछोला पैंथर्स की टीम 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेतक स्पार्टन्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आसानी से जीत हासिल कर ली। टीम की जीत में पंकज कुमार का अहम योगदान रहा। उन्होंने 32 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन की शानदार पारी खेली। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आयोजन सचिव अनिरुद्ध सांखला ने बताया कि दूसरे मुकाबले में हल्दीघाटी योद्धाज और पैलेस नाइट्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हल्दीघाटी योद्धाज ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। जवाब में पैलेस नाइट्स की टीम ने लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। इस तरह हल्दीघाटी योद्धाज ने रोमांचक मुकाबले में महज एक रन से जीत दर्ज की। टीम के गेंदबाज बंटी ने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मुकाबले में प्रताप वॉरियर्स ने लेक टाइटन्स को छह विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लेक टाइटन्स ने आठ विकेट पर 134 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रताप वॉरियर्स ने चार विकेट खोकर 135 रन बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली। प्रताप वॉरियर्स के शिवेंद्र सिंह ने 31 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे। उनके उपयोगी योगदान के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
यूपीएल सीजन-3 में लगातार हो रहे रोमांचक मुकाबलों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ रहा है और क्रिकेट प्रेमियों को शानदार खेल देखने को मिल रहा है।
उदयपुर प्रीमियर लीग में चेतक स्पार्टन्स, हल्दीघाटी योद्धाज और प्रताप वॉरियर्स का जलवा
