उदयपुर/23 मार्च/ भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति, उदयपुर के जिला संयोजक पंकज कुमार शर्मा ने ठोकर चौराहा स्थित शहीद भगत सिंह स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
शर्मा ने शहीद स्मारक पर तिरंगी सूत की माला, तिरंगा ऊपरणा एवं पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि “शहीद भगत सिंह केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक अमर विचारधारा हैं। उनका बलिदान हमें आज़ादी के मूल्यों को समझने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है।” उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए संकल्प लेने का दिन है, कि हम शहीदों के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे।
शर्मा ने कहा कि “शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी लिखी गई किताबें और उनके क्रांतिकारी विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनकी देशभक्ति और त्याग से प्रेरित होकर युवा वर्ग देश निर्माण में निस्वार्थ भाव से आगे आएगा।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से अशोक तंबोली, भगवती प्रजापत, पारस बापू नागोरी, गोविंद सक्सेना, कन्हैयालाल मेनारिया, राजेश जेवरिया, सुरेश ओदिच्य, संजय मंदवानी, उमेश शर्मा, नीरज शर्मा, सज्जाद खान, नरेश साहू, उस्मान खान, निजाम खान, कृपाशंकर मिश्रा, नितेश सर्राफ, चित्रु देवासी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।
