लोकसभा आम चुनाव – 2024
चार टेबल बढ़ाई
उदयपुर, 22 मई। लोकसभा आम चुनाव- 2024 के तहत आगामी 4 जून को आर्टस् कॉलेज परिसर में उदयपुर संसदीय क्षेत्र की मतगणना को लेकर तैयार कार्ययोजना में आंशिक संशोधन करते हुए डाक मत पत्रों की गिनती के लिए चार टेबल बढ़ाई गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि डाक मत पत्रों की गिनती समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करने के लिए गणना टेबल 20 से बढ़ाकर 24 की जा रही है। उदयपुर संसदीय क्षेत्र के लिए चुनाव लड़ने वाले सभी आठ प्रत्याशियों को संशोधित प्लान की प्रति प्रेषित कर सूचित किया गया है, ताकि वे उसके अनुरूप गणना अभिकर्ता नियुक्ति की प्रक्रिया कर सकें। उल्लेखनीय है कि पूर्व में डाक मत पत्रों की गिनती के लिए 20 टेबल लगना प्रस्तावित था। विधानसभा वार मतगणना के लिए 14-14 टेबल की व्यवस्था यथावत रहेगी।
विभागीय योजनाओं में अनुदान व लाभ के लिए संस्था आधार योजना में पंजीकरण अनिवार्य
उदयपुर, 22 मई। राज्य सरकार के आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव के दिशा-निर्देशानुसार राज्य के समस्त विभाग बोर्ड, निगम स्वायत्तशासी, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं व निजी उद्यमों को उनके द्वारा किसी भी प्रकार के अनुदान, लाभ, सेवाएं लेने या देने से पूर्व संस्था आधार योजना में पंजीकरण करवाना अनिवार्य किया गया है।
इस संबंध में जिला संस्था आधार रजिस्ट्रार एवं जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने सभी विभागीय एवं संबंधित अधिकारियों को स्वयं के कार्यालय एवं अधीनस्थ कार्यालयों का संस्था आधार पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। पंजीयन के लिए पंजीयन प्रक्रिया संस्था आधार पोर्टल बीआर डॉट राज डॉट एनआईसी डॉट इन के ट्यूटोरियल बटन पर उपलब्ध है। कलक्टर ने विभाग से संबंधित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में “संस्था आधार“ को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए है, साथ ही, इस कार्य हेतु संबंधित कार्यालय में अधिकारी मनोनित कर उनका नाम, मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी की सूचना जिला संस्था आधार रजिस्ट्रार कार्यालय की ईमेल आईडी पर प्रेषित करने को कहा है।
वन्यजीव गणना आज
संबंधित वन्यजीव अभयारण्य एवं वन क्षेत्र में आमजन व पर्यटकों का प्रवेश रहेगा निषेध
उदयपुर, 22 मई। वन्यजीवों की संख्या का आकलन 2024 के तहत 23 मई सुबह 8 बजे से 24 मई की सुबह 8 बजे तक वॉटर हॉल पद्धति से होने वाली वन्यजीव गणना के दृष्टिगत संबंधित वन्यजीव अभयारण्य एवं वन क्षेत्र में आमजन व पर्यटकों का प्रवेश निषेध रहेगा। उप वन सरंक्षण वन्यजीव ने बताया कि गुरुवार 23 मई को वन्यजीव अभयारण्य जयसमन्द, सज्जनगढ़, फुलवारी की नाल कोटड़ा एवं बाद्यदर्रा क्रोकोड़ाईल कन्जर्वेशन रिर्जव में आमजन एवं पर्यटकों का प्रवेश निषेध रहेगा।
गर्मी में पशु आहार प्रबंधन पर दे विशेष ध्यान
उदयपुर, 22 मई। गर्मी के प्रकोप को देखते हुए पशुओं की विशेष देखभाल व पशु उत्पादन को बनाए रखने के संबंध में संगोष्ठी का आयोजन हुआ। उपनिदेशक डॉ. सुरेन्द्र छंगाणी ने गर्मी में पशु आहार प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में पशुओं की उचित देखभाल नहीं करने पर संकर नस्ल के पशुओं के दुग्ध उत्पादन में 10 प्रतिशत से अधिक की कमी आ सकती है। वहीं देशी नस्ल के प्शुओं के दुग्ध उत्पादन में 3 प्रतिशत की कमी आती है। ऐसे में पशुओं की सुरक्षा के साथ उनके आहार प्रबंधन पर विषेश ध्यान देना चाहिए, जिससे उनके रोग-प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि हो एवं वातावरण से उत्पन्न तनाव में कमी आ सके। छोटे पशुओं को 30-40 ग्राम, बड़े पशुओं को 60-80 ग्राम एवं दुधारू पषुओं को 100-120 ग्राम तक खनिज लवण प्रतिदिन देना आवश्यक होता है। संस्थान के डॉ. पदमामील ने नियमित एक मुट्ठी नमक खिलाने पर जोर दिया। डॉ. सुरेश शर्मा ने पशुओं को दिन में तीन चार बार मे 80 से 100 लीटर तक स्वच्छ जल उपलब्ध कराने की बात कही।
