दिन भर होंगे विविध आयोजन
-सुबह अभिषेक, शाम को भजन संध्या, भण्डारा
उदयपुर, 05 नवम्बर। उदयपुर के बलीचा स्थित राजराजेश्वर बड़बड़ेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में चल रहे सर्व समाज सनातनी चातुर्मास के तहत सोमवार छह नवम्बर को पंचायती निरंजनी अखाड़ा के मढ़ी मन मुकुंद दिगम्बर खुशाल भारती महाराज का अवतरण दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। ज्ञातव्य है कि सनातनी चातुर्मास दिगम्बर खुशाल भारती महाराज के सान्निध्य में ही चल रहा है।
मीडिया संयोजक मनोज जोशी ने बताया कि अवतरण दिवस उत्सव के तहत उदयपुर सहित देश भर के विभिन्न स्थानों से दिगम्बर खुशाल भारती महाराज के शिष्य व अनुयायी यहां पहुंचेंगे। प्रातः 11.15 बजे अभिषेक एवं हवन होगा। दोपहर में भण्डारा होगा और शाम को भजन संध्या व भण्डारा होगा। रात को सूखे मेवे से दिगम्बर खुशाल भारती महाराज को तौला जाएगा।
जोशी ने बताया कि भजन संध्या में मारवाड़ से भजन गायिका कौशल्या रामावत, मेवाड़ से लेहरू दास वैष्णव, गुजरात से धार्मिक गोस्वामी भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। मंच संचालन विनायक जोशी करेंगे। कार्यक्रम के निमित्त भजन संध्या के बैनर का विमोचन भी किया गया। शहर में जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं।
इधर, आगामी 15 नवम्बर से अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास पं. प्रेम भूषण की रामकथा शुरू होगी। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। पं. प्रेम भूषण महाराज का भजन ‘पता नहीं किस रूप में आकर नारायण मिल जाएगा’ जन-जन में विख्यात है। यह रामकथा 24 नवम्बर तक चलेगी।
सनातनी चातुर्मास: अवतरण दिवस पर आज सूखे मेवों से तौला जाएगा खुशाल भारती महाराज को
