भीलवाड़ा, 02 सितंबर। आगामी विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारी को लेकर जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी व जिला पुलिस अधीक्षक श्री आदर्श सिधू ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री ब्रह्मलाल जाट, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री मोहनलाल खटनावलिया सहित जिले के उपखंड अधिकारी व पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान जिला कलक्टर व जिला पुलिस अधीक्षक ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कहा कि बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाए। जिले में सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिन्हित किया जाए और साथ ही चुनाव के दौरान ऐसे मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाए।
दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा के संबंध में तैयारी पर चर्चा की गई।
मतदान केंद्र पर न्यूनतम आधारभूत सुविधाओं की सुनिश्चितता करने व बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे के दौरान मतदाता सूची में अधिक से अधिक नाम जोड़ने के संबंध में विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले में कानून व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
