मौलाना के खिलाफ दर्ज कराया था मामला
उदयपुर। शहर के मौलाना शफीक कादरी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने वाली पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय उसे छोड़ दिया। पीड़िता का कहना है कि उसे वापस केस लेने की धमकियां मिल रही है और समाज और गवाहों पर मामला वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।
पीड़िता का कहना है कि वह उपचार के लिए मौलाना शफीक कादरी के पास गई थी। जिसने काला जादू बताकर उपचार के बहाने उसके साथ रेप किया। जिसकी रिपोर्ट उसने पांच दिन पहले भूपालपुरा थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने पकड़ने के बाद आरोपी को छोड़ा
पीड़िता ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है कि जिस दिन उसने मौलाना के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, उसी दिन पुलिस ने मौलाना शफीक कादरी को पकड़ लिया था, लेकिन उसे वापस छोड़ दिया। पता नहीं पुलिस ने उसे क्यों छोड़ा। जबकि मेरे साथ मदद को थाने साथ गए मकान मालिक को पकड़कर बंद कर दिया था। पीड़िता ने पुलिस से मौलाना को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है। पीड़िता का ये भी कहना है कि कई महिलाओं के साथ मौलाना ने गलत काम किया है, लेकिन डर और बदनामी की वजह से वे महिलाएं खुलकर सामने नहीं आ पा रही है।
समाज के लोग मुझ पर दबाव बना रहे है: पीड़िता के मकान मालिक
पीड़िता के मकान मालिक का कहना है कि जब पीड़िता ने उसे मौलाना द्वारा किए गए रेप की आपबीती सुनाई तो वह पीड़िता को लेकर मस्जिद के सदर और मुफ्ती के पास गए। उन्होंने भी कहा था कि उसके खिलाफ कार्रवाई कराओ। समाज के कई लोग उस पर केस उठवाने के लिए दबाव बना रहे हैं लेकिन वह पीड़ित के साथ खड़े हैं। उसका कहना है कि मौलाना के खिलाफ पहले भी इस तरह की शिकायत मिली थी लेकिन तब किसी ने आवाज नहीं उठाई।
काला जादू बताकर 1 घंटे तक कमरे में रखा, बेहोश करके किया रेप
28 वर्षीया पीड़िता का कहना है कि तबियत खराब होने पर वह मौलाना के पास उपचार कराने पहुंची थी। जहां मौलाना ने उस पर काला जादू का साया बताते हुए उससे पहले 800 रुपए मांगे। जिसके बाद उन्होंने एक छोटी बोतल से कुछ सुंघने को कहा। उसे सूंघते ही वह बेहोश हो गई थी। जिसके बाद मौलाना ने उसके साथ रेप किया। जब उसे होश आया तो उसके कपड़े खुले हुए मिले। उसने खुद को संभाला और मौलाना के खिलाफ मामला दर्ज कराने की बात कही तो मौलाना ने उसके न्यूड फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जो उसने उसकी बेहोशी के बाद खींचने की बात कही थी।
दुष्कर्म पीड़िता बोली पुलिस ने आरोपी को छोड़ा
