प्राचीन आदिनाथ जैन मंदिर से चांदी के छत्र और नकदी चोरी

उदयपुर। जिले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलई ग्राम पंचायत स्थित अतिक्षय क्षेत्र खुणादरी में प्राचीन आदिनाथ जैन मन्दिर से चोर चांदी के छत्र और दानपेटी से नकदी चुरा ले गए। ,
मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात की है। रविवार सुबह जब पुजारी सचिन जैन ने मंदिर के गार्ड को चाबी सौंपकर ताला खोलने के लिए बोला। तब गार्ड ने देखा कि चैनल गेट खुला हुआ था और चैनल की कुंडी टूटी पड़ी थी। जिसकी सूचना पुजारी ने पुलिस को दी थी। बावलवाड़ा थानाधिकारी प्रभुसिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही ऋषभदेव पुलिस उप अधीक्षक हेरम्ब जोशी ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मंदिर मंडल ट्रस्ट ने चोरी की घटना को लेकर मामला दर्ज कराया।
3 चांदी के छत्र और दानपेटी से नकदी चोरी
मंदिर में प्रतिमाओं पर लगे 3 चांदी के छत्र और दानपेटी पर लगा ताला व अन्य भीतरी लॉक तोड़ लगभग 5 हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। चोरों ने निर्माणाधीन नए जिनालय में खिड़की के लोहे के सरिए काटकर चोरी करने का प्रयास किया लेकिन चोरों को वहां पर कुछ भी नहीं मिला। पुलिस को मौके पर आरी पड़ी हुई मिली। इधर, मंदिर में हुई चोरी के बाद अध्यक्ष बाबूलाल फड़िया की अध्यक्षता में खुणादरी में तत्काल बैठक हुई। जिसमें मंदिर की सुरक्षा प्रबंधन के लिए चर्चा की गई। बैठक में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने एक अतिरिक्त राइफलधारी गार्ड रखने, हाई सिक्योरिटी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया।
पहले भी तीन बार हो चुकी चोरी
ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल और उपाध्यक्ष पवन भगोरिया ने बताया कि मंदिर विश्व विख्यात जैन समाज की धरोहर है। जिसमें इससे पहले भी 3 बार चोरी की वारदात हो चुकी है। जनवरी 2009 में भगवान आदिनाथ की बेशकीमती मूर्ति चोरी हो गई थी। जिसे करीब एक साल बाद दिल्ली से बरामद हुई थी। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मंदिर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाने की मांग की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!