महिला का संदिग्ध हालत में मिला शव

उदयपुर। धानमंडी क्षेत्र के भूतमहल इलाके में 24 वर्षीया महिला पूजा मेघवाल का शव संदिग्ध हालात में मिला। जिसको लेकर उसके पिता रमेश कुमार मेघवाल ने अपने दामाद विकास मेलवाल के खिलाफ हत्या की आशंका को लेकर मामला दर्ज कराया है। बताया गया कि विकास उनकी बेटी पूजा को मानसिक रूप से परेशान करता था।

सात महीने पहले महिला ने की थी शादी
धानमंडी थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि महिला का शव बिस्तर पर मिला था और उसके गले में पंखे से लटका फंदा पड़ा हुआ था। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराया है और उसकी रिपोर्ट से खुलासा हो पाएगा कि महिला ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई। इधर, पिता का कहना है कि सात महीने पहले उनकी बेटी ने विकास से कोर्ट मैरिज की थी।

विकास उसके चरित्र पर शंका करते हुए उसे प्रताड़ित करता था। बीती रात उनकी बेटी ने उन्हें फोन किया था और कहा था कि वह बेहद परेशान है। वह अपने पिता से मिलना चाहती थी लेकिन विकास उनसे मिलने नहीं देता था। बताया गया कि विकास के पिता उदयपुर में ही पुलिस सेवा में हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!