उदयपुर। गोगुंदा क्षेत्र के धोलिया के जंगल से एक युवक का शव बरामद हुआ, जो बीते दस दिन से लापता था। उसकी पहचान काछबा निवासी कमलेश राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक यह हत्या की घटना हो सकती और परिजनों ने इस मामले को हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाई तथा उसने साक्ष्य उठाए।
बताया गया कि धोलिया के जंगल में ग्रामीणों ने एक सड़े गले शव पड़े होने की जानकारी दी थी। उसका शव गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों का कहना है कि कमलेश पिछले दस दिन से लापता था और वह उसकी तलाश कर रहे थे। शव की पहचान उसके कपड़ों में मिले पहचान पत्र के आधार पर हुई।
विवाहिता से दुष्कर्म, विरोध करने पर 5 माह की बेटी की हत्या की धमकी दी
उदयपुर। शहर के नजदीकी नाई थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने बहन के घर जा रही एक विवाहिता का अपहरण कर लिया। उसकी पांच महीने की बेटी की हत्या करने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता के गले से चांदी की चेन, मोबाइल तथा नकदी भी छीन ली।
घटना 15 मई की बताई जा रही है, जिसकी रिपेार्ट पीड़िता ने गुरुवार रात दर्ज कराई। बताया गया था कि 15 मई को वह अपनी बहन के घर जाने के लिए निकली थी। गोद में वह पांच महीने की बेटी साथ लिए हुई थी। शाम साढ़े छह बजे जब वह बस स्टैंड से बहन के घर पैदल जा रही थी, तभी अलसीगढ़ फला निवासी महेंद्र पुत्र कालू मीणा और उसके मित्र ने उसे रोका। एक युवक ने उसके हाथ से पर्स छीन लिया, जबकि दूसरे ने उसकी बेटी छीन ली थी। जिसके बाद महेंद्र ने उसे अपने साथ चलने को कहा। उसके मना करने पर उसने बेटी का गला घोंटने की धमकी दी। जिस पर वह उसके साथ चलने को मजबूर हो गई। दोनों आरोपी उसे पहाड़ियों में सुनसान जगह पर ले गए। वहां महेन्द्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने पीड़िता के गले में पहनी चांदी की चेन, ढाई हजार रुपए नकद तथा मोबाइल भी छीन लिए। जिसके बाद वह उसे बेटी सौंपकर फरार हो गए। बहन के घर पहुंचने पर पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने पति और बहन को दी थी। इधर, पुलिस दुष्कर्म का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।