रिक्त पदों को समय पर भरना जरूरी – गुप्ता
उदयपुर 14 मार्च। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री मधुकर गुप्ता ने संभाग के समस्त छह जिलों के उप निर्वाचन अधिकारियों के साथ निर्वाचन संबंधी विभिन्न विषयों पर एक बैठक लेकर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संभाग के समस्त जिलों की निर्वाचन संबंधी आवश्यकताओं, समस्याओं और सुझावों पर चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए। गुप्ता के स्वागत के साथ बैठक आरंभ हुई बैठक का संचालन उप जिला निर्वाचन अधिकारी उदयपुर ओ पी बुनकर ने किया।
ग्रास रूट पर कार्यरत जनप्रतिनिधियों से लोकतंत्र सशक्त हुआ- गुप्ता
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त मधुकर गुप्ता ने कहा कि ग्रास रूट पर कार्य कर रहे जनप्रतिनिधियों को संविधान ने शक्तियां दी है जिससे लोक तंत्र मजबूत हुआ है। चुनावों को लेकर गांवों में रुचि बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ समय से सरपंचों-पंचों की अहमियत बढ़ी है। ऐसे में निर्वाचन आयोग का भी दायित्व है कि सही समय पर चुनाव, पात्र व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अवसर देना एवं जीतने वाले प्रत्याशी को पद पर पदस्थापित करने की कार्यवाही ठीक से पूरी हो। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में लंबे समय तक पदों का रिक्त रहना ठीक नहीं है, इन्हें समय पर भरने की कार्यवाही जरूरी है तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव स्वस्थ लोकतंत्र की नींव हैं।
गुप्ता ने साझा किए प्रशासनिक अनुभव
निर्वाचन आयुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों के प्रति गंभीरता तथा लापरवाह कार्मिकों पर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव एवं निर्वाचन आयोग के अनुभवों को सभी के साथ साझा किया। उन्होंने हर तहसील में तकनीकी दक्ष कार्मिकों का चिन्हीकरण कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए जिससे आवश्यक होने पर इन कार्मिकों का सहयोग लिया जा सके। उन्होंने सभी छह जिलों के उप निर्वाचन अधिकारियों से बात कर जिलों की विशिष्ट समस्याओं तथा पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
उप निर्वाचन अधिकारी उदयपुर ओ पी बुनकर ने आयुक्त गुप्ता को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा प्रदत्त सभी दिशा-निर्देशों की सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों द्वारा अनुपालना की जाएगी एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ आगामी समय में निर्वाचन कार्य सम्पन्न किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने संभाग स्तरीय बैठक लेकर की चर्चा
