नगरीय निकाय चुनाव – 2026
मावली में सर्वाधिक 88.39 प्रतिशत मतदान
उदयपुर में 69.77 प्रतिशत वोटिंग
उदयपुर, 11 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव – 2026 के द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। उदयपुर जिले की तीन निकायों उदयपुर नगर निगम, नगरपालिका मावली और कानोड़ में औसत 80.23 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि मतदान समाप्ति तक सर्वाधिक मावली में 88.39 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं कानोड़ में 82.53 प्रतिशत एवं उदयपुर नगर निगम में 69.77 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदान दलों ने राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार ईवीएम मशीन को लॉक कर सील चस्पा की। साथ ही अपेक्षित सूचनाओं के साथ निर्वाचन सामग्री एवं ईवीएम संबंधित संग्रहण केंद्रों पर जमा कराई। मतदान दलों के गंतव्य तक लौटने के लिए पर्याप्त वाहन व्यवस्था की गई है।
