ज्ञान से ही मिटेगा अज्ञान का अंधकार, विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराना सिखाता है सम्यक ज्ञान रू साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

ज्ञान पंचमी पर दादाबाड़ी में धर्मसभा, कहा- केवल शास्त्र पढ़ना नहीं, उनके संदेशों को जीवन में उतारना ही सच्ची ज्ञान आराधना
उदयपुर। ज्ञान मनुष्य के जीवन का वह तीसरा नेत्र है, जो उसे संसार के साथ-साथ आत्मा के वास्तविक स्वरूप का बोध कराता है। केवल सांसारिक शिक्षा और डिग्रियां हासिल करना ही ज्ञान नहीं, बल्कि कर्मों के बंधन को समझकर आत्मकल्याण का मार्ग अपनाना ही सम्यक ज्ञान है। यह विचार शनिवार को वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में ज्ञान पंचमी के अवसर पर आयोजित धर्मसभा में साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी आदि ठाणा-6 ने व्यक्त किए।
साध्वीश्री ने कहा कि ज्ञान पंचमी जैन शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण तिथि है। मनुष्य के जीवन में दो प्रकार के ज्ञान होते हैं। एक ज्ञान आजीविका और सांसारिक व्यवहार से संबंधित है, जबकि दूसरा आत्मा की उन्नति और मोक्ष मार्ग की ओर ले जाने वाला ज्ञान है। कर्मों के बंधन से मुक्त होकर अनंत सुखों की प्राप्ति कैसे हो, इसका मार्ग सम्यक ज्ञान ही बताता है।
उन्होंने कहा कि शास्त्र परमात्मा की वाणी हैं, लेकिन केवल उनका अध्ययन कर लेना पर्याप्त नहीं है। यदि शास्त्रों को पढ़ने के बाद व्यक्ति में अहंकार आ जाए तो वह ज्ञान भी मिथ्या बन जाता है। भगवती सूत्र और आचारांग सूत्र जैसे पवित्र ग्रंथों का वास्तविक लाभ तभी है, जब उनके उपदेशों को जीवन में उतारा जाए। ज्ञान की सार्थकता कितने ग्रंथ पढ़े, इसमें नहीं बल्कि उनसे जीवन में कितना परिवर्तन आया, इसमें है।
साध्वीश्री ने कहा कि जिस प्रकार सूर्य और दीपक बाहरी अंधकार को दूर करते हैं, उसी प्रकार ज्ञान आत्मा के अज्ञान को दूर करता है। मनुष्य को यह समझना जरूरी है कि कर्मों का बंधन कैसे होता है और उनकी निर्जरा किस प्रकार संभव है। आत्मकल्याण के लिए कर्म सिद्धांत और धार्मिक शास्त्रों का अध्ययन आवश्यक है। केवल सांसारिक डिग्रियां हासिल कर लेना जीवन की सफलता नहीं है।
मैना सुंदरी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी प्रसन्न रहना ही सम्यक ज्ञान की पहचान है। परिस्थितियां हमारे कर्मों के अधीन हो सकती हैं, लेकिन उन परिस्थितियों में हमारा व्यवहार कैसा हो, यह हमारे विवेक पर निर्भर करता है। विपरीत वातावरण में भी प्रसन्नता बनाए रखना ही परमात्मा का संदेश है।
साध्वीश्री ने कहा कि यदि कोई दूसरा व्यक्ति हमें क्रोधित कर देता है और हम तुरंत क्रोध करने लगते हैं तो हमें विचार करना चाहिए कि हम अपने विवेक से संचालित हो रहे हैं या दूसरों के इशारों पर चलने वाले रोबोट बन गए हैं। मनुष्य को अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना और प्रत्येक परिस्थिति में धैर्य बनाए रखना सीखना चाहिए। धर्मसभा में साध्वी प्रज्ञानजना श्रीजी, साध्वी नमन रुचि श्रीजी, साध्वी योगरुचि श्रीजी एवं साध्वी तन्मय रुचि श्रीजी ने सुमधुर गीत प्रस्तुत कर धर्मसभा को भक्तिमय बना दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!