उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक की ओर से आयोजित तीसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन-2026 में वुमन बिजनेस सर्कल (डब्ल्यूबीसी) ने लगातार दूसरे वर्ष सामुदायिक भागीदार के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाई। महिलाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और दौड़ के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डब्ल्यूबीसी की ओर से मैराथन से पहले विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत महिलाओं के लिए सात दिवसीय पूर्व-दौड़ अभ्यास सत्र आयोजित किए गए। इनमें प्रतिभागियों को सही तरीके से वार्म-अप, स्ट्रेचिंग, दौड़ने की तकनीक तथा सुरक्षित तरीके से दौड़ने का प्रशिक्षण दिया गया। सामाजिक माध्यमों के जरिए भी महिलाओं को लगातार जागरूक किया गया और मैराथन में पंजीयन एवं सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
डब्ल्यूबीसी से जुड़ी महिलाओं ने उत्साह के साथ 5 किलोमीटर दौड़ में हिस्सा लिया। वहीं डब्ल्यूबीसी सदस्य प्रेक्षा पोरवाल ने 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन पूरी कर महिला सहभागिता की शानदार मिसाल पेश की।
डब्ल्यूबीसी की संस्थापक आचार्या अनीमा गोस्वामी, सचिव मीनाक्षी पालीवाल एवं कोषाध्यक्ष कपिला भारद्वाज के मार्गदर्शन में यह पहल संचालित हुई। कार्यक्रम समन्वयक मानसी टाक ने सामाजिक माध्यमों पर जागरूकता, पूर्व-दौड़ गतिविधियों और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस वर्ष मैराथन में 9700 से अधिक धावकों ने भाग लिया। पिछले आयोजन की तुलना में सहभागिता में करीब 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 27 राज्यों और 6 देशों के धावकों ने इसमें हिस्सा लिया। फतेहसागर झील और अरावली की सुरम्य पृष्ठभूमि में आयोजित मैराथन ने फिटनेस के साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया।
डब्ल्यूबीसी की इस पहल ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा दौड़ और खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
दौड़ के जरिए महिलाओं ने बढ़ाया फिटनेस का हौसला, डब्ल्यूबीसी ने दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
