शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव, 21 गुरुजनों का सम्मान किया

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय जैन दिवाकर विचार मंच महिला शाखा उदयपुर की ओर से राष्ट्र संत कमल मुनि कमलेश की प्रेरणा से शिक्षक दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी विद्यालय, कालका माता रोड में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मंच की महामंत्री संगीता भंडारी के नेतृत्व में विद्यालय की दोनों पारियों के करीब 21 शिक्षकों का अभिनंदन किया गया।
समारोह में प्राचार्य फ्रूटी भाटी, सरिता नागदा, सुमन शर्मा सहित प्रेरणा मेहता, माधुरी वडाला, प्रेम मेहता, राजकुमारी सिंघवी, मंजू लोड़ा, गुंजन यादव, दुर्गेश यादव, ज्योति रांका आदि शिक्षकों का सम्मान किया गया। महिला शाखा की ओर से शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान भाव व्यक्त किया गया।
मंच के कोषाध्यक्ष अनिल जरौली ने महिला शाखा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज में ज्ञान, संस्कार और सेवा के महत्व को मजबूत करता है। उन्होंने महिला शाखा को भविष्य के सेवा कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
मंच के जीव दया प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक स्वीटी संजय जैन ने कहा कि महिला शाखा ने शिक्षकों का सम्मान कर सेवा क्षेत्र में सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सम्मान समाज को संस्कार और संवेदनशीलता की दिशा में आगे बढ़ाता है।
इस अवसर पर प्रेरणा मेहता एवं संगीता भंडारी ने कहा कि “आज हम जो कुछ भी हैं, वह हमारे शिक्षकों की शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन की देन है।” उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रति सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्चा सम्मान है। महिला शाखा की ओर से आगामी दिनों में भी सेवा-साधना एवं समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!