पवित्र श्रावण मास में 22 अगस्त को होगा ‘शिव पुराण कथा’ का आयोजन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 21 अगसत। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर भगवान शिव की महिमा, उनकी जीवन-दृष्टि और शिवतत्त्व से जन-जन को परिचित कराने के उद्देश्य से अद्वैतम’-साहित्य, संस्कृति एवं शिक्षा को समर्पित संस्था द्वारा ‘शिव पुराण कथा: शिवोलॉजी का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजनकर्ता किरण बाला किरन ने बताया कि भगवान शिव स्वयं में एक उत्सव हैं और इसी उत्सव के आनंद को जन-जन तक पहुँचाने के भाव से यह आयोजन किया जा रहा है। शिव पुराण कथा का आयोजन शनिवार, 22 अगस्त को शाम 4 बजे हिरणमगरी सेक्टर-4 स्थित राजस्थान साहित्य अकादमी के सभागार में होगा।
इस भव्य एवं दिव्य कथा के कथावाचक धर्मध्वजारक्षक श्री पंकज ओझा जयपुर से पधारेंगे। शिव पुराण के माध्यम से भगवान शिव के स्वरूप, उनके जीवन-दर्शन, लोकमंगल की भावना तथा शिवतत्त्व के विभिन्न आयामों पर कथा एवं आध्यात्मिक विमर्श होगा। शिवभक्त चेतनराज चुण्डावत एवं शिल्पी चैहान के अनुसार श्रावण मास में शिव कथा का श्रवण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्त्व रखता है। शिव के प्रति आस्था, भक्ति और समर्पण के साथ उनके व्यापक जीवन-दर्शन को समझने का यह अवसर श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
कोमल जीनगर ने कहा कि भगवान शिव केवल आराधना के केंद्र नहीं, बल्कि जीवन में समत्व, करुणा, त्याग और लोकमंगल की प्रेरणा देने वाले शाश्वत प्रतीक हैं। श्रावण के इस पावन अवसर पर शिव पुराण कथा के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिव के इस व्यापक और जीवनदायी दर्शन को पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, भक्तजनों एवं सर्व समाज के बंधुओं से आयोजन में उपस्थित होकर ‘शिवोलॉजी’ के इस आध्यात्मिक उत्सव का आनंद लेने का आह्वान किया। आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिकों, साहित्यकारों, संस्कृतिकर्मियों सहित सर्व समाज के बंधुओं एवं भक्तजनों को सादर आमंत्रित किया गया है।
शिव पुराण कथा के पोस्टर का लोकार्पण
‘शिवोलॉजी – शिव पुराण कथा’ का प्रथम निमंत्रण बोहरा गणेश जी को देकर पोस्टर का लोकार्पण करवाकर एवं निमंत्रण शहर के गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट पदाधिकारियों को दिया गया। लोकसभा सांसद डॉ मन्ना लाल रावत राष्ट्रीय अध्यक्ष एसटी मोर्चा एवं राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया के साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक दुर्गेश मेनारिया, जनार्दन राय नागर विश्वविद्यालय विद्यापीठ पूर्व कुलपति कर्नल प्रो शिव सिंह सारंगदेवोत, मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय कुलपति प्रो कैलाश नागदा, क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान जयप्रकाश प्राचार्य तथा शिव दल प्रमुख मनीष मेहता के करकमलों द्वारा पोस्टर का लोकार्पण करवाया गया। कथा श्रवण हेतु शहर विधायक ताराचंद जैनएवं ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा को आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर समस्त महानुभावों द्वारा शिवोलॉजी- शिव पुराण कथा’ के आयोजन को श्रावण मास की पावन आध्यात्मिक परंपरा से जोड़ते हुए इसे समाज में भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और जीवन-मूल्यों के प्रसार की दिशा में सार्थक पहल बताया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!