झाड़ोल क्षेत्र के दौरे पर रहे जिला कलेक्टर अग्रवाल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

चंदवास में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की सुनी परिवेदनाएं, पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों का भी लिया जायजा
उदयपुर, 21 अगस्त। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल शुक्रवार को झाड़ोल क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत चंदवास में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आमजन की समस्याएं एवं परिवेदनाएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं जिला कलेक्टर के समक्ष रखीं। इसमें प्रमुख रूप से मानसी वाकल बांध के डूब क्षेत्र से संबंधित किसानों को खातेदारी हक और आबादी क्षेत्र के पट्टे देने की मांग प्रमुख रही इसके अलावा सड़क, चिकित्सा, पेयजल संबंधित विभिन्न परिवेदनाएं ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की। कलेक्टर ने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली और पात्र प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला एवं उपखण्ड स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों का लिया जायजा
रात्रि चौपाल से पूर्व जिला कलेक्टर अग्रवाल ने आगामी पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर उपखण्ड क्षेत्र में विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पालियाखेड़ा स्थित मतदान केंद्र का अवलोकन कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर ने जे.आर. शर्मा कॉलेज तथा राजस्थान विद्यापीठ परिसर का निरीक्षण कर स्ट्रांग रूम के लिए संभावित स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा, पहुंच, भवन की उपयुक्तता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और चुनाव संबंधी तैयारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।

एसडीएम कार्यालय का भी किया निरीक्षण

जिला कलेक्टर अग्रवाल ने झाड़ोल उपखंड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व एवं अन्य प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान झाड़ोल उपखंड अधिकारी चिमन लाल मीणा, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल पहाड़िया, तहसीलदार सीताराम बोलीवाल, विकास अधिकारी शैलेन्द्र खींची सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!