शिवमयी हुआ मधुश्री बैंक्वेट हॉल, उदयपुर डांस चेम्पियनशीप-5 में डियारा जुनेजा और रुचि सुथार ने मारी बाजी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। झीलों की नगरी में आयोजित होने वाली डांस प्रतियोगिताओं में अपनी अलग पहचान बना चुकी “उदयपुर डांस चैंपियनशिप” (यूडीसी) का सीजन-5 इस बार भगवान शिव की भक्ति और नृत्य के अनूठे संगम के साथ संपन्न हुआ। सावन मास के पावन अवसर पर ड स्क्वायर एवं बंधन वेडिंग एंड इवेंट्स के संयुक्त तत्वावधान में मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रतियोगिता पूरी तरह शिवमयी नजर आई।
यूडीसी-5 में प्रतिभागियों ने भगवान भोलेनाथ के भजनों, शिव स्तुति और शिव तांडव पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में रुचि सुथार ने प्रथम तथा किरण गोस्वामी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में डियारा जुनेजा प्रथम तथा पाखी आमेटा द्वितीय रहीं।
धनञ्जय सोनी ने बांसुरी वादन की शानदार प्रस्तुति दी, जबकि एक्सप्लोजन डांस स्कूल की टीम ने विशेष समूह नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन एंकर नितिन दशोरा तथा को-एंकर अभिषेक पालीवाल और अजय सिंह पंवार ने किया।
शो क्रिएटर नितिन दशोरा ने बताया कि सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूडीसी-5 को विशेष रूप से भगवान शिव के भजनों और स्तुतियों से सजाया गया। उन्होंने कहा कि यूडीसी ऐसा मंच है, जहां भक्ति और प्रतियोगिता का सुंदर संगम देखने को मिलता है।
यूडीसी 5 की डायरेक्टर गरिमा माथुर ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए करीब 50 एंट्री प्राप्त हुई थीं, लेकिन पहले 20 प्रतिभागियों की सीमा निर्धारित थी। अब आगामी आयोजनों के लिए यह सीमा बढ़ाकर 35 से 40 प्रतिभागियों तक की जा रही है।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नितिन दशोरा, कृतिका चैबीसा, खुशी शर्मा, निर्मल पालीवाल, रीदम पंवार और वैभव पुरोहित शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, नृत्य कौशल और भाव-भंगिमा के आधार पर मूल्यांकन किया।
विजेता प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 54 रुद्राक्ष की माला, ट्रॉफी, सर्टिफिकेट एवं चंदन की माला प्रदान की गई। प्रिया कुमावत की ओर से सभी प्रतिभागियों को कच्चे चंदन की माला उपहार स्वरूप दी गई।
कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश माधवानी, मुख्य अतिथि आशीष हरकावत तथा विशिष्ट अतिथि जयश्री नागदा, कृतिका चैबीसा, भानुप्रिया साहू, विप्लव जैन, गणपत साल्वी, रविराज सोनी सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में विनायक पाटीदार, काव्या हरकावत, विजय सिंह राठौड़, सुरेश नगारची, कृष्णा नगारची, दिनेश गोठवाल, सुनील कालरा सहित कई सहयोगियों की उपस्थिति रही।
आयोजन के दौरान आगामी 3 सितंबर को होने वाले यूडीसी-6 “कृष्ण जन्माष्टमी स्पेशल” का पोस्टर विमोचन किया गया। इसमें प्रतिभागी भगवान श्रीकृष्ण के मंत्रों एवं भजनों पर अपनी नृत्य प्रस्तुतियां दे सकेंगे, साथ ही “मिस्टर एंड मिस कॉर्पोरेट सीजन-6” का पोस्टर भी जारी किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!