-नई कार्यकारिणी ने शपथ ली, इंदौर के प्रमोद नागर अध्यक्ष, उदयपुर के जयंती भाई पारिख बने उपाध्यक्ष
उदयपुर. श्री समग्र विशानागर वणिक समाज का दो दिवसीय अखिल भारतीय महा अधिवेशन रविवार को ओरबिट रिसोर्ट में संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में 8 राज्यों से करीब 535 प्रतिनिधि उपस्थित हुए। अधिवेशन में अखिल भारतीय नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। नई कार्यकारिणी ने श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा में एक और नागर भवन बनाने की घोषणा की।
अधिवेशन के दूसरे दिन समाज के प्रतिनिधियों ने समाज को मजबूत करने के लिए विभिन्न सुझाव दिए और श्री समग्र विशानागर वणिक समाज संगठन को उन सभी शहरों में सक्रिय करने पर बल दिया जहां समाज की बहुलता है। दूसरे दिन की शुरुआत म्यूजिकल हाउजी के साथ हुई। हाउजी में भाग्यश्री ने अपने नगमों -गानों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हाउजी का संचालन कविता पारिख ने किया। इससे पूर्व गत रात्रि समाज की भव्य सांस्कृतिक संध्या संपन्न हुई जिसमें कृष्ण आधारित नृत्य, कालबेलिया डांस, कत्थक नृत्य ने देश भर से आए प्रतिभागियों को आनंदित कर दिया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री सेजल पारिख एवं रुपेश पारिख ने कर समां बांध दिया। रविवार को अंतिम सत्र में समाज की अखिल भारतीय कार्यकारिणी को मुख्य अतिथि नारायण भाई दोषी, सतारा ने शपथ दिलाई। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष प्रमोद नागर इंदौर, उपाध्यक्ष जयंती भाई तारीख उदयपुर, राजेंद्र भाई अहिल्या नगर, रमेश भाई पारीख, सचिव डॉ नीलेश नागर इंदौर, सह सचिव-नितिन भाई पारिख उदयपुर, पीयूष छत्रपति संभाजी नागर, हितेश शाह बुरहानपुर, कोषाध्यक्ष शैलेश नागर इंदौर, सह कोषाध्यक्ष राजेश पारिख मंदसौर चुने गए। समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रमोद नागर ने बताया कि नई कार्यकारिणी ने नाथद्वारा में एक और नागर भवन बनाने का संकल्प लिया हैं जो सभी के सहयोग से जल्दी ही मूर्तरूप लेगा।
विशानागर वणिक समाज का अधिवेशन संपन्न, नाथद्वारा में एक और नागर भवन बनाने की घोषणा
