उदयपुर। पीएफसी एजुकेशन द्वारा एमएलएसयू यूनिवर्सिटी स्थित गोल्डन जुबली गेस्ट हाउस में आयोजित यंग अचीवर्स 2026 अवॉर्ड समारोह शिक्षा, सम्मान और करियर मार्गदर्शन का प्रेरणादायी मंच बनकर उभरा। निदेशक मीनाक्षी भेरवानी के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए नई संभावनाओं के द्वार भी खोले गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान से हुआ। मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत, लगन और शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया।
समारोह का विशेष आकर्षण ट्यूटर ट्रेनिंग सेशन रहा, जिसमें मीनाक्षी भेरवानी ने शिक्षकों एवं भावी शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रभावी अध्यापन शैली और शिक्षा के बदलते स्वरूप पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर सकती है।
इस अवसर पर एसीसीए इंडिया के रिलेशनशिप मैनेजर धु्रव राजवंशी ने विद्यार्थियों को एसीसीए (एसोसिएशन ऑफ चार्टर्ड सर्टिफाइड अकाउंटेंट्स) के बारे में जानकारी देते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर की अपार संभावनाओं से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि एसीसीए युवाओं को वैश्विक वित्तीय और अकाउंटिंग क्षेत्र में सफल करियर बनाने का मजबूत अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम का आकर्षक संचालन प्रसिद्ध आरजे काव्या ने अपनी ऊर्जावान शैली में किया, जिससे पूरे समारोह में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।
समारोह में धु्रव पाठक, अभिषेक मजूमदार, अलका शर्मा एवं भारत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पीएफसी एजुकेशन द्वारा शिक्षा और करियर विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान गर्ल्स स्कॉलरशिप प्रोग्राम की घोषणा भी की गई, जिसके अंतर्गत पात्र छात्राओं को 100 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। इस पहल को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली छात्राओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
अपने संबोधन में मीनाक्षी भेरवानी ने कहा कि पीएफसी एजुकेशन का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सही करियर मार्गदर्शन, वैश्विक अवसर और आत्मविश्वास के साथ भविष्य के लिए तैयार करना है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
यंग अचीवर्स 2026 में प्रतिभाओं का भव्य सम्मान, छात्राओं के लिए 100 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप की सौगात
