महिला उद्यमिता को मिलेगा नया आयामः डब्ल्यूबीसी के ‘महा उत्सव’ में 25 जुलाई को सम्मानित होंगी महिला अचीवर्स

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और व्यवसायिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्यरत वूमेन बिजनेस सर्कल (डब्ल्यूबीसी) 25 जुलाई को ‘डब्ल्यूबीसी महा उत्सव’ का भव्य आयोजन करेगा। इस अवसर पर वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी की घोषणा, महिला उद्यमी सम्मान समारोह, सदस्य सम्मान, व्यावसायिक प्रदर्शनी तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना का अनावरण किया जाएगा।
संस्था की संस्थापक आचार्या श्री अणिमा गोस्वामी ने बताया कि वूमेन बिजनेस सर्कल केवल एक नेटवर्किंग समूह नहीं, बल्कि महिलाओं को व्यवसाय की शुरुआत से लेकर उसके विस्तार तक हर स्तर पर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सहयोग प्रदान करने वाला सशक्त मंच है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक तकनीक, प्रभावी विपणन और मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला उद्यमियों को ‘डब्ल्यूबीसी अचीवर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। विशिष्ट अतिथियों के सान्निध्य में सभी सम्मानित महिलाओं के साथ डब्ल्यूबीसी के सदस्यों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का भी अभिनंदन होगा तथा नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसी मंच से वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी और संस्था की आगामी सामाजिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों की भी घोषणा की जाएगी।
आचार्या अणिमा गोस्वामी ने बताया कि डब्ल्यूबीसी समय-समय पर महिलाओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल विपणन, सोशल मीडिया ब्रांडिंग, इंस्टाग्राम एवं फेसबुक विपणन, सामग्री निर्माण, व्यवसाय संवर्धन, व्यवसायिक रणनीति, उत्पाद की पहचान, पैकेजिंग, ब्रांड निर्माण और उत्पाद विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण आयोजित करता है, ताकि महिला उद्यमी बदलते दौर के अनुरूप अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।
उन्होंने बताया कि संस्था केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि वित्तीय योजना, चार्टर्ड अकाउंटेंट परामर्श, व्यवसाय पंजीकरण, बाजार संपर्क, अमेज़न सूचीकरण, स्थानीय स्टोरों से समन्वय तथा विभिन्न सहयोगी अवसरों के माध्यम से भी महिलाओं को व्यावसायिक सहायता उपलब्ध कराती है। गत ढाई वर्षों में डब्ल्यूबीसी द्वारा व्यवसाय विकास कार्यशालाएं, डिजिटल विपणन सत्र, स्वास्थय जागरूकता व्याख्यान और नियमित मासिक व्यावसायिक बैठकों के जरिए सैकड़ों महिलाओं को लाभान्वित किया गया है।
डब्ल्यूबीसी महा उत्सव के दौरान व्यावसायिक प्रदर्शनी एवं उत्पाद प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा, जहां महिला उद्यमी अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर नए ग्राहकों, व्यावसायिक सहयोग और ब्रांड प्रचार के अवसर प्राप्त करेंगी।
आचार्या अणिमा गोस्वामी ने बताया कि वूमेन बिजनेस सर्कल आज केवल उदयपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि जोधपुर, जयपुर, गुरुग्राम और इंदौर तक अपना विस्तार कर चुका है। आने वाले समय में देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी डब्ल्यूबीसी की नई इकाइयां स्थापित कर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के इस अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ती हैं तो केवल सफल व्यवसाय ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर समाज की मजबूत नींव भी तैयार होती है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!