उदयपुर। शहर के सविना क्षेत्र में बुधवार रात को मोटरसाइकिल को धक्का देने का कहने की बात पर हुए विवाद के बाद दोस्त ने नर्सिंग छात्र को चाकू मार कर हत्या कर दी। इससे गुस्साए परिजन, रिश्तेदार मोर्चरी के बाहर बैठकर हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड गए। वहीं पुलिस भी आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी रही। पुलिस के अनुसार सविना क्षेत्र में रहने वाला नर्सिंग छात्र दिनेश मीणा पुत्र दोलाराम मीणा बुधवार रात को अपनी मोटरसाइकिल ठीक करवाने का कहकर घर से निकला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रासते में परिचित दोस्त ललित गमेती नामक युवक से दिनेश मीणा ने अपनी मोटरसाइकिल को धक्का देने को कहा। इस बात को लेकर उनमें विवाद हो गया। तभी गुुस्साए दोस्त ललित ने चाकू निकाल कर उस पर ताबडतोड हमला कर दिया। चाकू लगने से दिनेश लहुलुहान हो गया जिसे अन्य एक दोस्त चिकित्सालय ले गया जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह मृतक दिनेश के परिजन, रिश्तेदार व परिचित एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए और आक्रोश जताते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेेकर अडे रहे। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाईश की। उधर सविना थाना पुलिस हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी रहीं। बताया जाता है पुलिस ने हत्या के आरोपी को डिटेन कर लिया है और उससे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या का वास्तविक कारणा आरोपी से पूछताछ और अनुसंधान में सामने आएगा। दिनेश मीणा डाकन कोटडा स्थित वागड नर्सिंग कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था। हमलावर ललित गमेती उसी के गांव का रहने वाला है।
दोस्त ने आपसी विवाद में नर्सिंग छात्र की चाकू मार की हत्या
