-माय भारत के तत्वाधान में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट
उदयपुर, 10 अक्टूबर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत के तत्वावधान में शनिवार को नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट व नशा मुक्ति जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत मावली ब्लॉक के गुढ़ली स्थित विद्यालय में विद्यार्थियों व युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
पोस्टर मेकिंग, स्लोगन एवं नारा लेखन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने पोस्टरों और नारों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को उजागर किया तथा नशामुक्त भारत का संदेश दिया।
नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट की अवधारणा के अनुरूप विद्यार्थियों को सामाजिक समस्याओं पर विचार करने, अपनी बात रखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामुदायिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिला युवा अधिकारी समीर खान ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ-साथ परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करती है। इसलिए युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनानी चाहिए। दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य और स्टाफ के साथ आस्था जैन, जयेश मेनारिया व माय भारत के अन्य वॉलंटियर्स ने सहभागिता निभाई।
युवाओं ने लिया स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प, नशे से दूर रहेंगे
