उदयपुर। देश के बस बॉडी निर्माण उद्योग से जुड़े लाखों लोगों की समस्याओं को समझने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी ने विगत माह अपने राजस्थान प्रवास के दौरान अजमेर में बस बॉडी निर्माण इकाई का दौरा किया। करीब एक घंटे तक फैक्ट्री में रहकर उन्होंने बस निर्माण की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया, कारीगरों एवं श्रमिकों से संवाद किया और उद्योग जगत की समस्याओं को गंभीरता से सुना। मामला अब सामने आया है.
दौरे के दौरान ऑल राजस्थान बस एंड ट्रक बॉडी बिल्डर्स एसोसिएशन की ओर से भावेश सुथार एवं अध्यक्ष सुंदरलाल सुथार ने उद्योग के समक्ष खड़ी चुनौतियों, नई नीतियों से छोटे एवं मध्यम निर्माताओं पर पड़ रहे प्रभाव तथा लाखों लोगों के रोजगार से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों के साथ-साथ दशकों से देश की परिवहन व्यवस्था को मजबूती देने वाले पारंपरिक बस बॉडी उद्योग के संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने श्रमिकों से भी सीधे बातचीत कर उनके अनुभव और समस्याएं जानीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उद्योग की मांगों और चिंताओं को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा तथा रोजगार से जुड़े इस महत्वपूर्ण क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उद्योग प्रतिनिधियों ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि किसी राष्ट्रीय नेता का स्वयं फैक्ट्री पहुंचकर उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन करना और श्रमिकों व उद्यमियों से सीधे संवाद करना उद्योग के प्रति गंभीर संवेदनशीलता का परिचायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल भविष्य में उद्योग हितैषी नीतियों का मार्ग प्रशस्त करेगी और बस बॉडी निर्माण क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
बस बॉडी उद्योग की पीड़ा सुनने फैक्ट्री पहुँचे राहुल गांधी, बोले-रोजगार से जुड़े इस क्षेत्र की आवाज़ सरकार तक पहुँचाऊंगा
