मीरानगर में फार्चुनर की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदपुर। शहर के मीरानगर क्षेत्र में तेज गति में फार्चुनर कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए स्कूटी सवार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार जिनेश चौधरी पुत्र बंसती चौधरी निवासी कोलयारी फलासिया हाल महावीर अपार्टमेंट कुम्भानगर हिरणमगरी सेक्टर—4 ने जयपुर नंबर की फार्चुनर कार के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि तीन जुलाई को साढे नौ से दस बजे के बीच फार्चुनर कार चालक ने मीरा नगर में स्कूटी सवार उसके बडे भाई तरुण चौधरी 45 पुत्र बसंत चोधरी को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान तरुण चौधरी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत : शहर में गोवर्धन सागर पाल के नीचे अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार सुदर्शनसिंह चौहान पुत्र भंवरसिंह चौहान निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गोवर्धनविलास ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि तीन जुलाई को सुबह गोवर्धन सागर पाल के नीचे अज्ञात वाहन की टक्कर से उसके पिता भंवरसिंह चौहान की मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। पुलिस मामले में जांच करते हुए अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है।

कालका माता रोड पर सूने मकान से नगदी, जेवरात चोरी : शहर के कालका माता रोड पर नाकोडा नगर में सूने मकान से अज्ञात चोर नगदी व जेवरात चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार तिलकेश पुत्र शांतिलाल पालीवाल निवासी नाथद्वारा तेलियों का तालाब राजसमंद ने दी रिपोर्ट में बताया कि कालका माता रोड स्थित नाकोडा नगर में तीन जुलाई को रात में उसके ससुर के मकान के ताले तोडकर अज्ञात चोर अंदर से नगदी व जेवरात चुरा ले गए। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए चोरों को तलाशने में जुटी है।

संजय पार्क रानी रोड से स्कूटी चोरी : शहर के रानी रोड स्थित पर्यटन स्थल संजय पार्क के यहां से अज्ञात बदमाश एक स्कूटी चुरा कर ले गया। पुलिस के अनुसार जुल्फ खान पुत्र इश्तियाक खान निवासी डा जाकिर हुसैन मार्ग सोनियों के नोहरे के पीछे हाथीपोल ने दी रिपोर्ट में बताया कि 24 जून को रात करीब साढे नौ बजे संजय पार्क रानी रोड से उसकी स्कूटी अज्ञात चोर चुरा ले गया। पुलिस चोर को तलाशने में जुटी है।

फार्चुनर से टक्कर मार की मारपीट :  जिले के गोगुंदा क्षेत्र में हाईवे पर चोर बावडी के पास गाडी को फार्चुनर से टक्कर मारने के बाद मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार शांतिलाल पालीवाल पुत्र प्रभुलाल पालीवाल निवासी चाटिया खेडी गोगुंदा ने नीलकण्ठ पुत्र केसुलाल और गोपाल पुत्र मोहनलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें हाईवे पर चोर बावडी के पास फार्चुनर से पहले उसकी गाडी को टक्कर मारने और बाद में उसमे से उतरे नीलकण्ठ, गोपाल व अन्य लोगों द्वारा उसके भाई मांगीलाल व मित्र दुर्गालाल के साथ मारपीट कर चोटे पहुंचाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

धोखाधडी का आरोप : उदयपुर। शहर के भूपालपुरा क्षेत्र में अधेड के साथ धोखाधडी करने के मामले में दो जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार अमित लोढा पुत्र पदम्नाभ लोढा निवासी भूपालपुरा ने सूरजनारायण शर्मा पुत्र चतुर्भुज शर्मा निवासी अहमदाबाद और गगन पुर्बिया निवासी हाथीपोल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें उसके साथ दस मार्च 2023 को धोखाधडी करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

एएसआई ने शिक्षक पर लगाया धोखाधडी का आरोप : जिले के झाडोल क्षेत्र में एक सरकारी शिक्षक द्वारा पुलिस एएसआई के साथ धोखाधडी करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार झाडोल थाने के सहायक उपनिरीक्षक रमेश कुमार ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नान्दवेल के अध्यापक सुनील कुमार पुत्र सुरजीत सिंह निवासी झुंझुनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें उसके साथ लेन देन के मामले में धोखाधडी करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

बोहरा गणेश रोड से मोटरसाइकिल चोरी : शहर के बोहरा गणेश जी मंदिर रोड से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार दीपक कुमार पुत्र शंभुराय यादव निवासी कल्याापुर बसती ब्रह्मपुर समस्तीपुर बिहार हाल गोकुल नगर बोहरा गणेश मंदिर के पास ने दी रिपोर्ट में बताया कि चार जुलाई को बोहरा गणेश रोड से अज्ञात बदमाश उसकी मोटरसाइकिल चुरा ले गया।

महिलाएं मकान से चुरा ले गई नगदी, सामान व दस्तावेज : उदयपुर। शहर के हिरणमगरी सेक्टर—5 शांतिनगर में एक मकान से तडके महिला चोर नगदी, सामान व मकान के दस्तावेज चुरा ले गई। पुलिस के अनुसार मनोज कुमार पुत्र रामचंद्र सेठ निवासी बेडवास हाल शांतिनगर हिरणमगरी सेक्टर—5 ने दी रिपोर्ट में बताया कि एक जुलाई को तडके 4 बजे अज्ञात महिला चोरों द्वारा उसके किराए के मकान में ताला तोडकर अंदर प्रवेश किया और मकान का सामान, 40 हजार रुपए नगद और मकान के दस्तावेज चुरा कर ले गई। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए महिला चोरों का पता लगाने में जुटी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!