कोर्ट में नवस्थापित उप डाकघर से पहली डाक पीएम के नाम उदयपुर में हाईकोर्ट बैंच मांग की

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। बार एसोसिएशन उदयपुर के सतत प्रयासों से न्यायालय परिसर में नवस्थापित पोस्ट ऑफिस एवं ई-कोर्ट/ई-मित्र सेंटर का लोकार्पण सोमवार को समारोहपूर्वक हुआ। नवस्थापित पोस्ट ऑफिस से पहली पोस्ट के रूप में उदयपुर में राजस्थान उच्च न्यायालय की खंडपीठ की स्थापना की मांग संबंधी डाक भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम प्रेषित की गई। पोस्ट ऑफिस एवं ई-कोर्ट/ई-मित्र सेंटर का लोकार्पण डॉ. प्रवीण खण्डेलवाल, अतिरिक्त महाधिवक्ता, राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर एवं अक्षय गाड़ेकर, भारतीय डाक सेवा, प्रवर अधीक्षक डाकघर उदयपुर मंडल के कर-कमलों से हुआ। प्रारम्भ में बार एसोसिएशन उदयपुर की ओर से सभी अतिथियों का राजस्थानी पगड़ी, उपरना एवं स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर अक्षय गाड़ेकर द्वारा भी मुख्य अतिथि प्रवीण खण्डेलवाल, बार एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष जितेन्द्र जैन एवं महासचिव लोकेश गुर्जर को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष  जितेन्द्र जैन ने कहा कि न्यायालय परिसर में पोस्ट ऑफिस की स्थापना अधिवक्ताओं एवं आमजन की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूर्ण हुई है। उन्होंने बताया कि न्यायालय परिसर में ही स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक, साधारण डाक, पार्सल सेवा, डाक बचत बैंक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), आधार आधारित बैंकिंग सेवाएं तथा डाक विभाग की अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होने से अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को अत्यधिक सुविधा मिलेगी। महासचिव लोकेश गुर्जर ने बताया कि पोस्ट ऑफिस के साथ प्रारम्भ किए गए ई-कोर्ट एवं ई-मित्र सेंटर के माध्यम से ई-कोर्ट से संबंधित ऑनलाइन सेवाएं, न्यायालयीन दस्तावेजों से संबंधित सुविधाएं, ई-मित्र की समस्त सेवाएं, विभिन्न प्रमाण-पत्र, बिल भुगतान, सरकारी योजनाओं के आवेदन एवं अन्य ऑनलाइन सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आमजन का समय और श्रम दोनों की बचत होगी तथा न्यायिक एवं शासकीय कार्यों में और अधिक सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष महेन्द्र मेनारिया, सचिव आशीष कुमार कोठारी, वित्त सचिव धर्मेन्द्र सोनी, पुस्तकालय सचिव विनोद औदिच्य सहित कार्यकारिणी सदस्य भानु भटनागर, प्रेम सिंह पंवार, अब्दुल हनीफ, सुनील शर्मा, दिनेश चन्द्र मेघवाल, अरुणपाल सिंह चुण्डावत, कांता नागदा, ऋतु सारस्वत, प्रीति बापना एवं वैशाली राठौड़ उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र कुमार नागदा, राम कृपा शर्मा, भरत कुमार वैष्णव, मनीष शर्मा, भरत जोशी एवं राकेश मोगरा, पूर्व महासचिव हनुमान प्रसाद शर्मा, लोकेश मेनारिया, चेतन पुरी गोस्वामी, चक्रवर्ती सिंह राव, भूपेन्द्र सिंह चुंडावत, महावीर प्रसाद शर्मा, हर्षवर्धन जैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण समारोह में उपस्थित रहे। समारोह के अंत में बार एसोसिएशन, उदयपुर द्वारा मुख्य अतिथियों, डाक विभाग के अधिकारियों एवं इस महत्वपूर्ण सुविधा को न्यायालय परिसर में प्रारम्भ कराने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया गया। बार एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि पोस्ट ऑफिस एवं ई-कोर्ट/ई-मित्र सेंटर के प्रारम्भ होने से अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, वादकारियों एवं आमजन को एक ही स्थान पर डाक, बैंकिंग, न्यायिक एवं शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा तथा न्यायालय परिसर में कार्य निष्पादन और अधिक सुगम एवं प्रभावी होगा। धन्यवाद महेन्द्र मेनारिया उपाध्यक्ष ने दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!