नीट पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई का मशाल जुलूस

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) उदयपुर देहात द्वारा नीट परीक्षा पेपर लीक एवं परीक्षा में हुई अनियमितताओं के विरोध में शनिवार शाम को विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस हीरणमगरी क्षेत्र स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों के बाहर से होकर गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं एन एस यू आई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मशाल जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिससे युवाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस अवसर पर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक एन एस यू आई छात्रों की आवाज बुलंद करती रहेगी। एन एस यू आई उदयपुर देहात के जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि NEET पेपर लीक प्रकरण ने करोड़ों युवाओं का विश्वास तोड़ा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर छात्रों को न्याय दिलाया जाना चाहिए। जुलूस के दौरान युवाओं ने हाथों में मशाल लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। कार्यक्रम का समापन छात्र हितों की रक्षा तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग के साथ हुआ।इस अवसर पर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, जिला कांग्रेस सचिव बबलू टांक, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव लव चौधरी, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष योगेश पुष्करणा, युवा कांग्रेस गोगुन्दा विधानसभा अध्यक्ष शक्ति सिंह झाला, युवा कांग्रेस जिला सचिव हार्दिक तेली, अजय तंवर, वैभव चौधरी, एकांश रावल सहित बड़ी संख्या में एन एस यू आई कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!