फतहसागर की पाल पर योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास 14 जून को

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 12 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष में चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 14 जून 2026, रविवार को प्रातः 6 बजे फतहसागर की पाल पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम इस वर्ष की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग को समर्पित रहेगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों, योग साधकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा आमजन की सहभागिता रहेगी।

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि उदयपुर जिले को योग के क्षेत्र में अग्रणी बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अंतर्गत होने वाले विश्व रिकॉर्ड प्रयास में अधिकाधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि नागरिक 14 जून 2026 को प्रातः 6.15 बजे से 7.35 बजे तक आयोजित योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास में भाग लेने के साथ-साथ टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर भी इस विश्व रिकॉर्ड अभियान के सहभागी बन सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं योग साधकों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर उदयपुर को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का भागीदार बनाने की अपील की।

नोडल अधिकारी एवं आयुक्त नगर निगम अभिषेक खन्ना ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर जिलेभर में 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर योग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। योग प्रोटोकॉल के नियमित पूर्वाभ्यास से आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा बड़ी संख्या में लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाने की अपील की।

योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि 14 जून को प्रातः 6.15 से 7.35 बजे पंजियन कर विश्व रिकोर्ड में भागीदार बने ।  इस वर्ष की थीम ष्स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योगष् वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सक्रियता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश देती है। नियमित योगाभ्यास से बढ़ती आयु में होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है।

आधार सुपरवाइजरों एवं ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित

उदयपुर, 12 जून। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (युआईडीएआई) क्षेत्रीय कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा आधार सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं दक्षता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित राज्यव्यापी इंटेंसिव आधार ऑपरेटर प्रशिक्षण अभियान के तहत शुक्रवार को सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के वीसी कक्ष में आधार सुपरवाइजरों एवं ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

युआईडीएआई प्रतिनिधि प्रषांत कुमार तथा डीओआईटी संयुक्त निदेशक पूजा साहु की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के समस्त रजिस्ट्रार के आधार सुपरवाइजरों/ऑपरेटरों ने भाग लिया।प्रशिक्षण के दौरान सुपरवाइजरों/ऑपरेटरों को आधार नामांकन एवं अद्यतन प्रक्रियाओं में तकनीकी दक्षता बढ़ाने, त्रुटियों को कम करने तथा नवीनतम सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आधार सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

अंत में सुपरवाइजरों/ऑपरेटरों के आधार नामांकन/अद्यतन के दौरान आने वाली समस्याओं के सम्बन्ध में मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उन्हें यूआईडीएआई द्वारा जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!