जिलेभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का शुभारंभ
प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा ने यूडीए परिसर में शिविर का किया निरीक्षण
लाभार्थियों से संवाद कर वितरित किए योजनाओं के लाभ
उदयपुर, 12 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में शुक्रवार से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का शुभारंभ हुआ। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले के प्रभारी मंत्री श्री हेमंत मीणा ने शुक्रवार को उदयपुर प्रवास के दौरान शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया।
प्रभारी मंत्री श्री मीणा ने उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) परिसर में संचालित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री मीणा ने कहा कि राज्य सरकार के सेवा शिविर सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को साकार कर रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन के जीवन को सरल और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए तथा सभी विभाग समन्वय बनाकर अधिकतम लोगों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर सरकार और जनता के बीच संवाद तथा विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवल रमानी, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, यूडीए सचिव हेमेन्द्र नागर, समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थितरहे।
प्रथम दिन यहां हुए शिविर
अभियान के प्रथम दिन शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र में बारापाल तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत नयाखेड़ा, कुराबड़ में भैसराकलां, बड़गांव में चीरवा, मावली में लदानी व वासनीकला, वल्लभनगर में महाराज की खेड़ी, भीण्डर में बरोडिया, गोगुन्दा में काछबा, सायरा में बोखाड़ा, झाडोल में देवास व चंद्रवास, फलासिया में जेतावाड़ा व कोल्यारी, खेरवाड़ा में बड़ला , नयागांव में हर्षावाड़ा, ऋषभदेव में सागवाडा तथा कोटड़ा में कोटड़ा, गउपीपला व बिकरणी में शिविर आयोजित हुए। वहीं शहरी क्षेत्र में नगर निगम उदयपुर के वार्ड संख्या 1, 2, 3 एवं 80 के लिए निगम परिसर स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय सभागार के भुतल परिसर मेंऔर नगरपालिका भीण्डर में वार्ड 1 एवं 2, नगरपालिका फतहनगर सनवाड़ , कानोड़, मावली तथा वल्लभनगर में वार्ड 1 के लिए शिविरहुए। इसी प्रकार उदयपुर विकास प्राधिकरण में बड़गांव, चिकलवास, कटारा, पालड़ी, देवाली, गोवर्धन विलास, सवीना, सवीना खेड़ा, अंबेरी, भुवाणा, रूपनगर, सुखेर, लकड़वास, मादड़ी पानेरियान, मादड़ी पुरोहितान व मनवाखेड़ा क्षेत्र के लिए शिविर प्रारंभ हुआ।
