उदयपुर। जैन सोशल ग्रुप गैलेक्सी द्वारा रविवार को ज़ाना लेक व्यू रिजॉर्ट में आयोजित भव्य फैमिली गेट-टूगेदर एवं पिकनिक उत्साह, सौहार्द और पारिवारिक एकता का अनूठा उदाहरण बन गई। कार्यक्रम में करीब 170 सदस्यों ने अपने परिवारों के साथ भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।
विशेष बात यह रही कि एक वर्ष पूर्व 111 कपल के साथ शुरू हुए जैन सोशल ग्रुप गैलेक्सी के परिवार में इस अवसर पर 20 नए कपल शामिल हुए। सभी नए सदस्यों को विधिवत शपथ दिलाकर ग्रुप की सदस्यता प्रदान की गई। इससे पूरे आयोजन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
पिकनिक के दौरान स्विमिंग, मनोरंजक खेल, हाउसी तथा विभिन्न पारिवारिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। दिनभर हंसी-खुशी और आपसी मेल-मिलाप का माहौल बना रहा।
ग्रुप अध्यक्ष अशोक शाह ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और सेवा कार्यों को बढ़ावा देना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की।
ग्रुप सचिव राजकुमार जैन ने वर्षभर आयोजित किए जाने वाले सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का कैलेंडर प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष मदन देवड़ा ने गत वर्ष का आय-व्यय विवरण सदस्यों के समक्ष पारदर्शिता के साथ रखा।
कार्यक्रम का संचालन मदन देवड़ा ने किया। आयोजन की सफलता पर अध्यक्ष अशोक शाह, सचिव राजकुमार जैन एवं समस्त कार्यकारिणी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्यों का उत्साह और सहयोग ही ग्रुप की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर भविष्य में और भी भव्य आयोजन किए जाएंगे।
एक साल में बढ़ा जैन सोशल ग्रुप गैलेक्सी का परिवार फैमिली पिकनिक में 20 नए कपलों ने थामा साथ
