उदयपुर। जैन सोशल ग्रुप “मेन” ग्रुप का 30वाँ स्थापना दिवस गत दिनों मेवाड़ रीजन के अध्यक्ष अरुण मांडोत एवं उनकी टीम की उपस्थिति में मनोरंजन कार्यक्रम के साथ बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया।
मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि शुरुआत नवकार मंत्र के जाप, प्रार्थना एवं फेडरेशन सूत्र वाचन तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई, उसके बाद अतिथियों को मंच पर आमंत्रित किया गया। ग्रुप के अध्यक्ष के. एस. नलवाया ने मुख्य अतिथि अरुण मांडोत (अध्यक्ष—मेवाड़ रीजन), विशिष्ट अतिथि आर. सी. मेहता (उपाध्यक्ष—फेडरेशन), पारस ढेलावत (अध्यक्ष—मेवाड़ रीजन, इलेक्ट), सभी आमंत्रित पूर्व अध्यक्षों और ग्रुप के सभी दंपति सदस्यों का हृदय की गहराई से स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही माह में जन्मदिन और शादी की सालगिरह मना रहे सदस्यों तथा कार्यक्रम में नृत्य के माध्यम से प्रस्तुति देने वाले सदस्यों को हार्दिक बधाइयाँ दीं।
अध्यक्ष महोदय ने बताया कि ग्रुप के 30 वर्षों के दौरान 13 पूर्व अध्यक्षों ने मिलकर 1997 में स्वर्गीय कुंदन लाल जी बोरदिया द्वारा लगाये गए पौधे की नियमित देखभाल की, जिसे खाद-पानी देकर वटवृक्ष का रूप दे दिया गया — इसके लिए उन्होंने सभी का हार्दिक धन्यवाद प्रकट किया।
उन्होंने आगे बताया कि अप्रैल 2025 से मई 2026 तक कुल रु. 15 लाख की लागत से समूह के सदस्यों की सहायता से 200 सेवा कार्य संपन्न किए गए। आज एक गरीब महिला को राजेंद्र जी खोखावत तथा सूरज मल पोरवाल एवं उनके परिवार की ओर से पांव की सिलाई मशीन भेंट की गई।
अध्यक्ष ने सूचित किया कि दिनांक 17 जून से 21 जून 2026 तक पाँच दिवसीय योग शिविर सुखाड़िया समाधि गार्डन, अशोकनगर में ग्रुप एवं मेवाड़ रीजन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जाएगा; अधिक से अधिक सदस्य इसका स्वास्थ्य लाभ लें।
उन्होंने ग्रुप की विभिन्न गतिविधियों — मासिक मीटिंग्स, धार्मिक यात्राएँ एवं विशेषज्ञों द्वारा आयोजित वार्ताओं — के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही बताया कि ग्रुप पूरे वर्ष मेवाड़ रीजन द्वारा प्रायोजित प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेता है तथा निर्देशित कार्यों को अपने स्तर पर पूर्ण करता है, जिसमें रीजन का पूरा सहयोग मिलता है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस वर्ष ग्रुप की संपर्क सेतु टेलीफोन डायरेक्टरी प्रकाशित करने का प्रस्ताव है।
अंत में अध्यक्ष ने पधारे हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, पूर्व अध्यक्षों एवं दंपति सदस्यों का हार्दिक धन्यवाद एवं साधुवाद अर्पित किया ।
राजेंद्र खोखावत (सहसचिव) द्वारा सभी जन्मदिन और शादी की सालगिरह वाले दंपति सदस्यों का पुष्प, माला एवं ऊपरना द्वारा स्वागत किया गया। तत्पश्चात सुषमा जैन, आशा मोगरा, शारदा तलेसरा, आशालता सिंघवी, विमल सोनी एवं मेहताब हिरण द्वारा नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मनोरंजन किया गया। इसके बाद ओ. पी. चपलोत, आर. सी. मेहता, अरुण मांडोत और सुनील गांग ने अपने उद्बोधन दिए। कार्यक्रम का संचालन श्री गौतम नागोरी एवं श्रीमती उषा जी ने किया।
सभी प्रतिभागियों को ऊपरना व उपहार देकर पुरस्कृत किया गया।
अंत में कमल कोठारी (उपाध्यक्ष) द्वारा अतिथियों का आभार किया गया तथा राष्ट्रगान और एक मिनट की मौन स्मृति के साथ कार्यक्रम समापन की घोषणा की गई।
