उदयपुर। 18 मई। सनातन पाठशाला, उदयपुर द्वारा सप्त दिवसीय बाल संस्कार शिविर सोमवार को पाइन वर्ल्ड स्कूल सेक्टर 4 में यज्ञ, योग, संस्कृत संभाषण प्रशिक्षण, आदर्श दिनचर्या अपनाने के संकल्प के साथ आरंभ हुआ। मीडिया प्रभारी जिग्नेश शर्मा ने बताया कि पाठशाला के संरक्षक गोपाल कनेरिया के सानिध्य में आयोजित प्रथम सत्र में योगाचार्य प्रीतम सिंह चुंडावत ने प्रशिक्षणार्थियों को मन की एकाग्रता बढ़ाने के लिए सूक्ष्म व्यायाम, आसन और सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया। संस्कृत भारती, चित्तौड़ प्रांत की श्लोक पाठन केंद्र प्रमुख डॉ रेनू पालीवाल ने संस्कृत भाषा का महत्व बताते हुए संस्कृत में परिचय और शिष्टाचार के वाक्य बोलना सिखाए। आचार्य त्रिभुवन व्यास ने प्रातः काल वंदन के श्लोक और प्रेरक देशभक्ति गीतों का अभ्यास करवाया। सनातन पाठशाला, उदयपुर के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने वैदिक यज्ञ में आचमन मंत्र, अंग स्पर्श मंत्र और गायत्री महामंत्र के शुद्ध उच्चारण के साथ यज्ञ में आहुतियां देना सिखाया। उन्होंने कहा कि यज्ञ पर्यावरण शुद्धि संस्कार संवर्धन और आरोग्यता के लिए वर्तमान काल में और अधिक प्रासंगिक है। शिविर संयोजक नवनीत भट्ट ने आदर्श दैनिक दिनचर्या अपनाते हुए समय तालिका के अनुसार हर कार्य समय पर करने का प्रतिभागियों को संकल्प दिलवाया। आभार शिविर व्यवस्थापक अमृत रंजन पांडे ने ज्ञापित किया। शिविर में मधु कांत दवे और मधु नागदा ने शिविर व्यवस्था में योगदान दिया। कक्षा चार और उससे अधिक के विद्यार्थियों को संस्कारवान, ईश्वर भक्त और राष्ट्रभक्त बनाने की उद्देश्य से आरम्भ यह शिविर आगामी 24 मई तक प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से सायं 6:30 बजे तक जारी रहेगा।
बाल संस्कार शिविर आरंभ
