उदयपुर। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम कसने, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, वांछित अपराधियों की धरपकड़ व एरिया डोमिनेंस की कार्यवाही हेतु उदयपुर पुलिस ने आज एक बड़ा अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ. अमृता दुहन के निर्देशन में अलसुबह पूरे जिले में एक साथ विशेष अभियान एवं एरिया डोमिनेंस के तहत 603 ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी गई। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 199 शातिर अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
443.800 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा स्कॉर्पियो सहित जब्त
उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुखेर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 443.800 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा स्कॉर्पियो सहित जब्त किया है। जब्तशुदा अफीम डोडा चूरा की कीमत करीब 01 करोड़ 10 लाख रुपए है। गुप्त सूचना के आधार पर सुखेर थाना पुलिस ने क्षेत्र में सघन नाकाबंदी की थी। इसी दौरान देबारी की तरफ से आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की महिन्द्रा स्कॉर्पियो कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर चालक वाहन को यू-टर्न लेकर भीलों की बेदला की तरफ भगाने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया, जिसके बाद तस्कर वाहन को एनएच 27 पर ब्राह्मणों का गुड़ा के पास सर्विस रोड पर छोड़कर फरार हो गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें से कुल 23 प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए, जिनमें कुल 443.800 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा भरा हुआ था। इस खेप की अनुमानित कीमत 01 करोड़ 10 लाख रुपये है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर धारा 8/15 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जिस पर अग्रिम अनुसंधान जारी है व फरार आरोपी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
लूट मामले में महिला सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, एक बालक डिटेन
उदयपुर। शहर से सटे बडगांव—बेदला लिंक रोड पर 9 अगस्त को एक महिला से हुई 10,000 रुपए नगद व मोबाइल लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार और 1 विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। प्रार्थिया भंवरी बाई निवासी फतहपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पीले रंग के टेम्पो में सवार तीन लड़कों और एक महिला ने बेदला लिंक रोड पर उन्हें घेरकर धक्का दिया और कमर में लटका पर्स छीनकर भाग गए। पर्स में 10,000 रुपए नगद व मोबाइल था। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से शाहिल खान उर्फ बिट्टू निवासी सवीना कच्ची बस्ती, धर्मेन्द्र कुमार पुत्र रामचन्द्र मूल निवासी सीतामढ़ी, बिहार, हाल निवासी खेमपुरा मादड़ी, मिनाक्षी उर्फ एप्पल पत्नी हिरालाल निवासी सिन्धी काॅलोनी प्रतापनगर को ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाकर आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टेम्पो, लूटी गई राशि तथा मोबाइल बरामद कर लिया है।
बाइक पर खतरनाक स्टंट करने वाला रीलबाज गिरफ्तार
उदयपुर। सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और लाइक्स पाने के चक्कर में सड़कों पर आमजन की जान जोखिम में डालकर बाइक स्टंट करने वालों के खिलाफ उदयपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में झाडोल थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक खतरनाक बाइक स्टंट वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभय कमांड एण्ड कंट्रोल सेन्टर से सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर एक युवक द्वारा बाइक से खतरनाक तरीके से रोड पर स्टंट करने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिस पर जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार श्री रजत बिश्नोई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खेरवाड़ा एवं श्री विवेक सिंह वृत्ताधिकारी वृत झाडोल के सुपरविजन में श्री करना राम थानाधिकारी, झाडोल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता से आरोपी रमेश निवासी डाला फला कोचला झाडोल की पहचान कर गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यूनिवर्सिटी स्टॉफ क्वार्टर से जेवरात व नगदी चोरी
उदयपुर। शहर के मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय परिसर में स्थित स्टॉफ क्वार्टर में अज्ञात बदमाश एक सूने मकान से जेवरात व नगदी चुरा ले गया। पुलिस के अनुसार नेहा भट्ट पत्नी स्वर्गीय निलेश भट्ट निवासी चितरी डूंगरपुर हाल एमएलएसयू स्टॉफ क्वार्टर ने दी रिपोर्ट में बताया कि गत 30 जुलाई को अज्ञात चोरों द्वारा उसके क्वार्टर में अनाधिकृत प्रवेश कर जेवरात व रुपए चुरा लिए। पुलिस मामले में जांच करते हुए चोरों को गिरफ्तार करने दबिश दे रही है।
जिंक चौराहा पर अज्ञात बदमाशों ने किया राहगीर पर जानलेवा हमला
उदयपुर। समीपवर्ती जिंक चौराहा पर अज्ञात बदमाशों ने रात के समय राहगीर पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार वाहन चालक अनिल कुमार बजरंग साहनी निवासी दधोर विशुनपुर जन्दाहा जिला वैशाली बिहार ने दी रिपोर्ट में बताया कि दस अगस्त रात करीब आठ बजे जिंक चौराहा पर स्कूटी पर आए अज्ञात बदमाशों द्वारा उसके साथ गाली गलौजच कर पीछे से जानलेवा हमला किया जिससे उसके सिर व हाथ में चोटे आई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
0000
लोसिंग में मोटरसाइकिल और पेटी से जेवरात चोरी
उदयपुर। जिले के गोगुंदा थानातंर्गत लोंसिंग गांव में रात के समय सूने मकान से बदमाश मोटरसाइकिल और पेटी से चांदी के जेवरात चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार राजू पुत्र उदयलाल गमेती निवासी लोसिंग ने दी रिपोर्ट बताया कि गत आठ अगस्त को रात साढे दस से 11 बजे के दौरान अज्ञात चोर उसके घर में घुस कर मोटरसाइकिल और अंदर रखी एक पेटी से चांदी की गले की हाली, चांदी के पेैर की कडियां, चांदी की चूडियां चुरा ले गया। पुलिस चोरों को तलाश कर रही है।
कोर्ट परिसर से बाईक चोरी
उदयपुर। शहर के कोर्ट परिसर में वकील से मिलने से व्यक्ति की मोटरसाइकिल अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। पुलिस के अनुसार भेरुलाल पुत्र उदयलाल ब्राहृण निवासी केदारिया भीण्डर ने दी रिपोर्ट में बताया कि 6 अगस्त को वह कोर्ट मके मेन गेट के बाहर टेम्पो स्टेण्ड के पास अपनी बाईक खडी कर लॉक लगाकर वकील से मिलने गया था और वापस आकर देखा तो उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। पुलिस बाईक व चोर दोनों को तलाश रही है।
ट्रेलर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत
उदयपुर। जिले के डबोक क्षेत्र के गुडली में अज्ञात ट्रेलर चालक द्वारा टक्कर मारने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार कुलदीप सिंह झाला निवासी वाजमिया वल्लभनगर ने ट्रेलर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि नौ अगस्त को रात दस बजे अज्ञात ट्रेलर चालक द्वारा तेज गति व रोंग साइड चलाकर गुडली में मोटरसाइकिल पर सवार उसके बडे भाई महिपाल सिंह 21 पुत्र शिवसिंह निवासी वाजमिया वल्लभनगर को सामने से टक्कर मार दी जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात ट्रेलर चालक को तलाश रही है।
युवक ने फांसी लगा की आत्महत्या
उदयपुर। शहर के तितरडी क्षेत्र में एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार दिनेश कुमार त्रिपाठी निवासी रमा विहार सुखाडिया सर्कल के पास भीलवाडा ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसके तितरडी स्थित पिको क्षेत्र में उसके पुत्र शानु सौरभ दाधीच 43 ने दस अगस्त को फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
सर्पदंश से युवक की मृत्यु
उदयपुर। शहर की आकाशवाणी कॉलोनी में सांप द्वारा काटने से युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार रामरुप पुत्र राजाराम साहनी निवासी डेगवा चोरीखुर्द शिवनगर जिला सिद्धार्थ् नगर यूपी हाल निवासी भुवाणा ने दी रिपोर्ट में बताया कि नौ अगस्त को उसके छोटे भाई को सांप ने काट लिया जिससे वह अचेत हो गया। उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
