थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए जुटे 21 रक्तवीर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और रक्त की कमी के कारण उनके परिजनों को होने वाली दिक्कतों को दूर करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। शहर के द मिशन ऑफ हैप्पीनेस फाउंडेशन तथा ‘होटल स्टर्लिंग अरावली के संयुक्त तत्वावधान में होटल परिसर में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में सजग नागरिकों और युवाओं ने उत्साह दिखाते हुए 21 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान किया। फाउंडेशन के संस्थापक हितेष कुमावत एवं सोनू वर्मा ने अग्रणी भूमिका निभाते हुए रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। शिविर में लोक मित्र ब्लड बैंक की विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने अपनी तकनीकी और चिकित्सीय सेवाएं प्रदान कीं तथा पूरी सुरक्षा व शुचिता के साथ रक्त संग्रहण का कार्य किया। कुमावत ने बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को जीवित रहने के लिए नियमित रूप से ब्लड ट्रांसफ्यूजन (रक्त चढ़ाने) की जरूरत होती है। रक्त के अभाव में किसी मासूम का जीवन संकट में न पड़े और उनके माता-पिता को भटकना न पड़े, इसी मानवीय सोच के साथ यह कैंप लगाया गया है। संस्था आगे भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगी। समापन पर होटल स्टर्लिंग अरावली के मानव संसाधन अधिकारी सोनू वर्मा ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!