डॉ. ओम प्रकाश सोनी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। विश्व धरोहर कला महोत्सव के अवसर पर लोक कला मंडल में आयोजित वर्ल्ड हेरिटेज इंटरनेशनल आर्ट फेस्टिवल-2026 में बिजौलियाँ के ख्यातनाम चित्रकार डॉ. ओम प्रकाश सोनी को प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारतीय लघुचित्र (मिनिएचर) एवं तेलचित्र (ऑयल पेंटिंग) परंपराओं के संरक्षण, पुनर्जीवन और उन्नयन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।  आर्ट पीवोट संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देशभर के कलाकारों, कला प्रेमियों एवं शिक्षाविदों की उपस्थिति रही। समारोह में मुख्य अतिथि प्रख्यात कलाविद् प्रो. सुरेश शर्मा एवं पेसिफिक विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. हेमंत कोठारी उपस्थित रहे। डॉ. ओम प्रकाश सोनी भारतीय सांस्कृतिक विरासत के सच्चे संरक्षक माने जाते हैं। उन्होंने अत्यंत सूक्ष्मता और समर्पण के साथ 10 हजार से अधिक प्राचीन चित्रों का संरक्षण एवं पुनर्स्थापन किया है। साथ ही भारतीय विरासत से जुड़े दुर्लभ भित्तिचित्रों (फ्रेस्को) के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कला के क्षेत्र में उनका योगदान केवल संरक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने निस्वार्थ शिक्षण एवं कला के प्रति अटूट समर्पण के माध्यम से नई पीढ़ी को भी प्रेरित किया है। उनकी उत्कृष्ट कलायात्रा भारतीय संस्कृति और विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। समारोह में आशा यादव, पंकज कनेरिया एवं भास्कर चौधरी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय कला एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष चर्चा हुई तथा कलाकारों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!