उदयपुर। राजस्थान पर्यटन विकास को लेकर आयोजित वीसी के जरिए मीटिंग में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के समक्ष विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान उदयपुर डिवीजन के अध्यक्ष राकेश चौधरी ने बताया कि जयपुर से आयोजित वीसी में फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष, सचिव के साथ सभी डिवीजनों के अध्यक्ष एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े स्टेकहोल्डर्स ऑनलाइन माध्यम से जुड़े तथा राजस्थान पर्यटन को नई दिशा देने हेतु व्यावहारिक सुझाव रखे गए। बैठक में ई-विजिटर पोर्टल को होटल एवं आतिथ्य संस्थानों के लिए अनिवार्य नहीं किया जाए, बल्कि इसे सरल एवं व्यावहारिक बनाते हुए पर्यटन उद्योग एवं पर्यटकों के हितों को ध्यान में रखकर लागू करने, राजस्थान में आयोजित ट्रैवल मार्ट का संचालन केवल एक संस्था तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक जिले में कार्यरत स्थानीय पर्यटन एवं आतिथ्य संस्थाओं को भी अवसर दिया जाए, ताकि क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को विशेष प्रचार-प्रसार एवं डिजिटल कैंपेनिंग के माध्यम से विकसित किया जाए। गर्मियों में नाइट टूरिज्म को बढ़ावा देने हेतु स्मारकों, म्यूज़ियम एवं लाइट एंड साउंड शो के समय में वृद्धि की जाए। राजस्थान पर्यटन के प्रचार के लिए फेसबुक, इंस्टाग्राम, गूगल एवं यूट्यूब जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक मार्केटिंग अभियान चलाए जाएँ। महाराष्ट्र एवं दिल्ली की तर्ज पर एटीएफ पर वैट कम किया जाए ताकि एयर कनेक्टिविटी बेहतर हो एवं हवाई यात्रा सस्ती बने। हीट वेव से जुड़ी नकारात्मक खबरों के बजाय सकारात्मक समर टूरिज्म कैंपेनिंग चलाई जाए।
एयरलाइन, ओटीए एवं ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स के साथ संयुक्त प्रमोशनल कैंपेनिंग की जाए। राजस्थान पर्यटन के लिए एक प्रभावशाली सेलिब्रिटी ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जाए। फेस्टिवल आधारित एवं लॉन्ग वीकेंड टूरिज्म कैंपेनिंग के माध्यम से डॉमेस्टिक टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाए। राजस्थान पर्यटन बोर्ड का गठन किया जाए, जिसमें पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र के सक्रिय स्टेकहोल्डर्स को सदस्य बनाया जाए, ताकि व्यावहारिक नीति निर्माण एवं तेज़ क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। मीटिंग में उदयपुर डिवीजन अध्यक्ष राकेश चौधरी, सचिव अंबालाल साहू, सहसचिव योगेश्वर कुमावत सहित पर्यटन विभाग के सचिव, आयुक्त एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री के संग वीसी मीटिंग में पर्यटन को नई दिशा देने रखे सुझाव
