झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपे पांच युवाओं के नाम
उदयपुर। आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर सिंधी समाज ने अपनी राजनीतिक भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार को शक्तिनगर स्थित झूलेलाल भवन में श्री झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत की बैठक आयोजित हुई, जिसमें उदयपुर की विभिन्न सिंधी पंचायतों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं समाज के प्रमुखजन उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से भारतीय जनता पार्टी से सिंधी समाज के पांच योग्य एवं सक्रिय युवाओं को पार्षद पद का टिकट देने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान समाज की ओर से ऐसे पांच युवाओं के नाम भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ को सौंपे गए, जो लंबे समय से समाजसेवा के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के संगठन, विचारधारा एवं विभिन्न गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। समाज की ओर से इन पांचों युवाओं को आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने का आग्रह किया गया।
सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष प्रताप राय चूग ने कहा कि इस बार शक्तिनगर, प्रतापनगर, सेक्टर-9, जवाहर नगर एवं कैलाश कॉलोनी के वार्ड सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित हुए हैं। इन सभी क्षेत्रों में सिंधी समाज की अच्छी-खासी आबादी है तथा समाज के अनेक युवा लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों से सिंधी समाज के योग्य, कर्मठ एवं समर्पित युवाओं को भाजपा की ओर से प्रतिनिधित्व मिलना उचित होगा।
महासचिव कैलाश नेवरानी ने कहा कि सिंधी समाज हमेशा भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। समाज की इच्छा है कि इस बार पांचों क्षेत्रों में समाज के युवाओं को पार्टी का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा द्वारा इन पांचों युवाओं को प्रत्याशी बनाया जाता है तो समाज पूरी एकजुटता के साथ उनके समर्थन में खड़ा रहेगा और उन्हें विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगा।
पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी ने कहा कि सिंधी समाज और भारतीय जनता पार्टी के बीच संबंध आज के नहीं, बल्कि दशकों पुराने हैं। विभाजन के बाद सिंधी समाज जब अपनी जन्मभूमि से विस्थापित होकर उदयपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आकर बसा, तब से समाज ने राष्ट्रवादी विचारधारा और भारतीय जनता पार्टी का निरंतर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उदयपुर में सिंधी समाज का भाजपा के प्रति समर्थन हमेशा अत्यंत मजबूत रहा है।
राजानी ने कहा कि सिंधी समाज द्वारा पांच पार्षद टिकट की मांग पूरी तरह उचित एवं न्यायसंगत है। शक्तिनगर, प्रतापनगर, सेक्टर-9, जवाहर नगर एवं कैलाश कॉलोनी में सिंधी समाज की बड़ी संख्या है। इन क्षेत्रों में समाज के सक्रिय, युवा और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि समाज की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ-साथ उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, विधायक फूल सिंह मीणा, सांसद मन्नालाल रावत तथा राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर सिंधी समाज की इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया जाएगा।
राजानी ने कहा कि समाज केवल टिकट की मांग नहीं कर रहा है, बल्कि पार्टी को यह विश्वास भी दिला रहा है कि यदि भाजपा सिंधी समाज के इन पांच युवाओं पर विश्वास जताती है, तो पूरा समाज उनके पीछे मजबूती से खड़ा रहेगा। पांचों वार्डों में समाजजन एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
बैठक में उपस्थित समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के सहज एवं सरल व्यवहार की सराहना की। समाजजनों ने कहा कि राठौड़ युवा नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं तथा उदयपुर के विभिन्न समाजों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनका निरंतर सीधा संपर्क एवं जुड़ाव है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने सिंधी समाज के प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता एवं सकारात्मकता से सुना। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा सौंपे गए पांचों नामों को पार्टी के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि ये कार्यकर्ता पार्टी के प्रति सक्रिय, समर्पित एवं निष्ठावान हैं, तो उन्हें टिकट दिलाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। राठौड़ ने आश्वस्त किया कि सिंधी समाज की इस मांग को पार्टी की कोर कमेटी के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा तथा अधिक से अधिक समाजजनों को पार्टी का प्रतिनिधित्व दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
राठौड़ के सकारात्मक आश्वासन के बाद सिंधी समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित समाजजनों ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी नगर निगम चुनावों में सिंधी समाज अपनी राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत करते हुए संगठनात्मक रूप से पूरी तरह एकजुट रहेगा तथा पार्टी द्वारा लिए जाने वाले निर्णय के अनुरूप पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ कार्य करेगा।
सिंधी समाज ने मांगे पांच पार्षद टिकट
