राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक आस्था को मिलेगी नई पहचान- सुरेंद्र सिंह जाड़ावत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
शहीद रूपाजी-कृपाजी सहित 6 पैनोरमा का लोकार्पण
चित्तौडगढ़ 23 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को अपनी चित्तौडगढ़ यात्रा के दौरान राज्य के विभिन्न स्थानों पर बने 6 पैनोरमा का लोकार्पण व 5 पैनोरमा का शिलान्यास कर प्रदेशवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी।  इस दौरान अपने सम्बोधन में मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि इन पैनोरमा से आम जनता को महापुरुषों के जीवन की जानकारी और प्रेरणा मिलेगी। धरोहर संरक्षण एवं प्रौन्नति प्राधिकरण अध्यक्ष सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत ने कहा कि लोकार्पण किए गये पैनोरमाओ की सुरक्षा, रखरखाव व जन सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि  मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने चित्तौडगढ़ जिले के गोविन्दपुरा बेगूं में 192 लाख रूपये की राशि से निर्मित शहीद रूपाजी-कृपाजी पैनोरमा का लोकार्पण किया। इसी क्रम में अजमेर जिले के पुष्कर में 200 लाख रूपये  से निर्मित श्री सैन महाराज पेनोरमा, पाली जिले के तहसील के गिरी-सुमेल में 75 लाख रूपये की राशि से महासंग्राम पेनोरमा, बाड़मेर जिले के चालकना मे 400 लाख रूपये की राशि से बने श्री चालकनेची (तनोट माता) पेनोरमा, सीकर जिले के खण्डेला में 175 लाख रूपये की राशि से निर्मित संत शिरोमणि करमेती बाई पेनोरमा, तथा जयपुर जिले के अमरसर (शाहपुरा) तहसील में 311 लाख रूपये की राशि से निर्मित राव शेखाजी पेनोरमा का मंगलवार को मुख्यमत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा लोकार्पण किया गया।

5  नए पैनोरमा बनेंगे, प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी
इसी क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में पेश बजट घोषणा में 5 नवीन पैनोरमा बनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में सवाई माधोपुर के राणा हम्मीर पैनोरमा के लिये 400 लाख रूपये की निर्माण स्वीकृति, जोधपुर में वीर दुर्गादास पैनोरमा निर्माण हेतु 400 लाख, छाणी-मगरी जिला डूंगरपुर के गोविंद गुरु पैनोरमा के लिये 400 लाख, निवाई जिला टोंक के देवनारायण पैनोरमा के लिये 450 लाख तथा चावण्ड जिला उदयपुर में महाराणा प्रताप पैनोरमा निर्माण के लिये 500 लाख रुपये की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इन समस्त पैनोरमा का मंगलवार को शिक्षा, संस्कृत शिक्षा तथा कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने विधि विधान के साथ शिला पूजन किया।  इस अवसर पर उपाध्यक्ष सांवरमल महरिया, सदस्य मनोहर लाल गुप्ता, सदस्य भवानी शंकर श्रीमाली, मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकमचंद बोहरा, सहायक अभियंता प्रवीण कुलहरी आदि उपस्थित थे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!