किलों का शहर चित्तौड़गढ़ अब बनेगा बिजनेस का गढ़, व्यापार, नेटवर्किंग और नए अवसरों को मिलेगी नई उड़ान
चित्तौड़गढ़। किलों और शौर्य की ऐतिहासिक धरती चित्तौड़गढ़ अब व्यापार, नेटवर्किंग और बिजनेस अवसरों का भी नया गढ़ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई ) ने चित्तौड़गढ़ में अपने नए चैप्टर की घोषणा करते हुए कमल सोमानी को चैप्टर प्रेसिडेंट नियुक्त किया है।
वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में 23 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले कमल सोमानी चित्तौड़गढ़ एवं राजस्थान में वित्तीय जागरूकता, निवेश और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे इन्वेस्ट करो इंडिया के संस्थापक हैं और पिछले 18 वर्षों से म्यूचुअल फंड वितरण के क्षेत्र में कार्यरत हैं। निवेश समाधान, म्यूचुअल फंड, SIP, जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा एवं सामान्य बीमा सहित विभिन्न वित्तीय सेवाओं के साथ वे वित्तीय साक्षरता और निवेशक जागरूकता के लिए भी लगातार कार्य कर रहे हैं।
बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ जैसे ऐतिहासिक और तेजी से विकसित हो रहे व्यापारिक शहर में बीसीआई चैप्टर की शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बीसीआई का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, व्यापारियों, प्रोफेशनल्स और सेवा प्रदाताओं को ऐसा मजबूत मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे नेटवर्किंग के साथ रेफरल, सहयोग, ज्ञान और नए बिजनेस अवसरों को आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने कहा कि कमल सोमानी का लंबा व्यावसायिक अनुभव, मजबूत सामाजिक एवं व्यावसायिक नेटवर्क और नेटवर्किंग के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाती है। उनके नेतृत्व में चित्तौड़गढ़ में एक ऐसा बिजनेस इकोसिस्टम विकसित करने का प्रयास होगा, जो स्थानीय व्यापार को राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश और विदेश के व्यापक नेटवर्क से जोड़े।
नवनियुक्त प्रेसिडेंट कमल सोमानी ने कहा कि बीसीआई चित्तौड़गढ़ का उद्देश्य शहर के व्यापारियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को एक मजबूत मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि बीसीआई केवल बिजनेस कार्ड बदलने या परिचय तक सीमित नेटवर्किंग का मंच नहीं होगा, बल्कि आपसी सहयोग, रेफरल, ज्ञान साझा करने और नए व्यापारिक अवसरों का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ के व्यापारिक समुदाय में प्रतिभा, अनुभव और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है इन क्षमताओं को एक मजबूत नेटवर्क से जोड़ने की। बीसीआई चित्तौड़गढ़ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी बनेगा और स्थानीय व्यवसायों को राजस्थान, देश और विदेश के बाजारों से जोड़ने का प्रयास करेगा।
कमल सोमानी का जन्म भीलवाड़ा में हुआ है, जबकि चित्तौड़गढ़ उनकी प्रमुख व्यावसायिक कर्मभूमि है। चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा दोनों क्षेत्रों में उनके मजबूत सामाजिक एवं व्यावसायिक संपर्क हैं। इन्हीं संपर्कों और अनुभव का लाभ लेते हुए उनका लक्ष्य चित्तौड़गढ़ के व्यापारिक समुदाय को एक-दूसरे की ताकत बनने और मिलकर आगे बढ़ने का अवसर देना है।
