चौरासी विधानसभा उपचुनाव: कांग्रेस ने युवा महेश रोत, बीजेपी ने प्रधान करीलाल ननोमा दी टिकट 

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

 कांग्रेस, बीजेपी और बीएपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला

डूंगरपुर, 24 अक्टूबर। चौरासी विधानसभा सीट पर आगामी उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होने की पूरी संभावना है। कांग्रेस, बीएपी (भारतीय आदिवासी पार्टी) और बीजेपी तीनों ही प्रमुख पार्टियों ने नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर सभी को चौंका दिया है। बीजेपी ने 1990 से चौरासी सीट पर सुशील कटारा और उनके परिवार को टिकट दिया था, लेकिन इस बार उन्होंने सीमलवाड़ा प्रधान कारीलाल ननोमा को प्रत्याशी बनाया है। कारीलाल पंचायत राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे सादड़िया पंचायत के पूर्व सरपंच रह चुके हैं और वर्तमान में उनकी पुत्रवधू रेखा सरपंच हैं। कारीलाल के समर्थकों में उनके टिकट मिलने पर खुशी का माहौल है, वहीं सुशील कटारा को इस बार सह प्रभारी की भूमिका में रखकर टिकट न दिए जाने के संकेत पहले ही मिल चुके थे।

29 वर्षीय महेश रोत दी टिकट  : कांग्रेस की ओर से युवा चेहरे महेश रोत को टिकट दिया गया है। महेश रोत संसारपुर सरपंच हैं और मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और नौ वर्षों का राजनीतिक अनुभव उन्हें एक उभरता हुआ नेता बनाता है। 29 वर्षीय महेश रोत को टिकट देकर कांग्रेस ने युवा वर्ग पर दांव खेला है, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है। वहीं, बीएपी ने इस सीट पर अनिल कटारा को प्रत्याशी घोषित किया है। तीनों पार्टियों के नए उम्मीदवारों के कारण चौरासी विधानसभा का यह उपचुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है। 13 नवंबर को चुनाव होने हैं और सभी पार्टियां जोर-शोर से चुनाव प्रचार में लगी हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!