उदयपुर। शहर की फतहसागर झील में संचालित नाव में शुक्रवार को एक युवक टिकट लेकर सवार हुआ और बीच पानी में पहुंचने पर छलांग लगा दी। डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे की है। सूचना पर पहुंची राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम ने रेस्क्यू करते हुए शव को पानी से बाहर निकाल अंंबामाता थाना पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस के अनुसार दोपहर में एक युवक मोतीमगरी के सामने स्थित उज्जैन बोटिंग प्वाइंट पर पहुंचा और टिकट लेकर बोट में सवार हुआ। उसने लाइफ जैकेट भी पहना। नाव चलने और बीच पानी के पहुंचने पर युवक ने लाइफ जैकेट उतारा और पानी में छलांग लगा दी। रेस्क्यू के बाद बरामद शव को एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा गया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। रेस्क्यू अभियान में वरिष्ठ सहायक गोविंद जगरवाल, गोताखोर विपुल चौधरी, नरेश चौधरी, विजय नकवाल, कैलाश गमेती, मुकेश सेन, वाहन चालक मोहन सिंह राणावत तथा बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया मौजूद रहे।
अधेड ने फांसी लगा की आत्महत्या
उदयपुर। शहर से सटे बडगांव क्षेत्र में एक मकान में अधेड ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार भेरुसिंह पुत्र देवीसिंह राजपूत निवासी ओगणा ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता देवीसिंह 44 निवासी गरडा ओगणा ने यहां तुलसी नगर मनोहरपुरा में मकान में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची बडगांव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सुपुर्द किया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
नाबालिग बालिका लापता
उदयपुर। शहर के बेदला क्षेत्र से एक नाबालिगा बालिका लापता हो गई। पुलिस के अनुसार हेमराज सालवी पुत्र अम्बालाला सालवी निवासी सुखदेवी नगर बेदला ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री दस जून को सायं पांच बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। पुलिस लापता बालिका को तलाश करने में जुटी है। वहीं खेरोदा थानांतर्गत माधवलाल रावत पुत्र प्रेमशंकर रावत निवासी मेनपुरिया ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी नाबालिग बहन को अज्ञात व्यक्ति गत तीन जून को रात आठ बजे बहला फुसला कर भगा ले गया। पुलिस नाबालिग बालिका व अपहरणकर्ता को तलाश करने में जुटी है।
